पटना: हाजत के बाथरूम में कैदी ने लगाई फांसी, 30 वर्षीय अजय मांझी की मौत; पुलिस महकमे में हड़कंप
पटना के पालीगंज अनुमंडल के सिगोड़ी थाना की हाजत में 30 वर्षीय अजय मांझी ने बाथरूम में गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पैसे के विवाद में पुलिस अजय मांझी और उसके दो साथियों को पूछताछ के लिए थाने लाई थी।
विस्तार
पटना के पालीगंज अनुमंडल के सिगोड़ी थाना की हाजत में एक कैदी ने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक युवक की पहचान गया जिले के चाकन गांव निवासी 30 वर्षीय अजय मांझी के रूप में हुई है।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पटना एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा, पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार एवं पालीगंज अनुमंडल के तमाम पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। जहां मृतक अजय मांझी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पटना एम्स भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात सिंगोड़ी थाना को ईंट भट्ठा मालिक शरद यादव नामक युवक के द्वारा आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें पैसे को लेकर अजय मांझी और उसके साथियों के साथ मारपीट की बात कही गई थी। इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए अजय मांझी और उसके दो अन्य साथियों को थाने लाया था।
इसी दौरान तीनों को अन्य कैदियों के साथ हाजत में रखा गया। सुबह करीब 4:00 बजे चौकीदार के द्वारा पुलिस को जानकारी मिली कि अजय मांझी ने बाथरूम में जाकर गमछा लगाकर आत्महत्या कर ली है। इसके बाद उसे आनन-फानन में पटना एम्स लाया गया, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ये भी पढ़ें- बिहार: अब अस्पताल के चक्कर खत्म, घर बैठे मिनटों में बनाएं आभा आईडी; आधार से लिंक मोबाइल जरूरी
इधर, पूरे मामले पर पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार ने बताया कि ईंट भट्ठा मालिक शरद यादव और अजय मांझी के बीच पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में शरद यादव ने थाने में आवेदन दिया था। इस आवेदन के आधार पर अजय मांझी और उसके दो अन्य साथियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था।
इसी दौरान जब सभी कैदी हाजत में सो रहे थे, तभी अजय मांझी ने बाथरूम में जाकर गमछा लगाकर आत्महत्या कर ली। इलाज के लिए उसे एम्स लाया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल, इस घटना को लेकर मृतक के परिवार से भी बयान लिया गया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी में जुटी हुई है।