Bihar: वेयरहाउस सुपरवाइजर की सड़क दुर्घटना में मौत, आक्रोशितों ने शव रखकर 6 घंटे तक सड़क जाम किया
Bihar: घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने दूसरे ट्रक को आग के हवाले कर दिया, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी थी।
विस्तार
राजधानी पटना में सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन चालकों और आम लोगों की लापरवाही साफ तौर पर सामने आ रही है। पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में वेयरहाउस में कार्यरत एक सुपरवाइजर की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई। इसके विरोध में आक्रोशित लोगों ने बुधवार को मृतक का शव सड़क पर रखकर बख्तियारपुर नेशनल हाईवे-30 को करीब 6 घंटे तक जाम रखा। इस दौरान लोगों ने सड़क पर आगजनी भी की और जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार, दौलतपुर राणा टोला गांव निवासी स्वर्गीय शिवकुमार सिंह के पुत्र केसरी कुमार फतुहा के एक वेयरहाउस में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। मंगलवार की देर रात वेयरहाउस से बाहर निकलने के दौरान उन्होंने हरियाणा के एक ट्रक को पास देने के लिए इशारा किया था। इसी दौरान ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए केसरी कुमार को कुचल दिया और मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। इस हादसे में केसरी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
पढे़ं: पटना के गांधी मैदान में छह जुलाई को आयोजित होगा सनातन महाकुंभ, कई राज्यों के आ सकते हैं मुख्यमंत्री
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने दूसरे ट्रक को आग के हवाले कर दिया, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फरार ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी थी।
बुधवार सुबह मृतक के परिजन और गांव के लोग शव के साथ सड़क पर पहुंच गए और राष्ट्रीय राजमार्ग-30 को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों ओर करीब 6 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान सैकड़ों वाहन फंसे रहे और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर फतुहा और दीदारगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में स्थानीय विधायक रामानंद यादव और सिटी एसडीओ ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को समझाया-बुझाया और मुआवजे व उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी मशक्कत के बाद लोग शांत हुए और जाम हटाया गया। इसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।