Bihar News: भरत तिवारी प्रकरण के बीच भोजपुर में बड़ा बदलाव, डीएम तनय सुल्तानिया और एसपी मिस्टर राज हटे
भोजपुर के डीएम तनय सुल्तानिया और एसपी मिस्टर राज का तबादला कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों के तबादले को भरत तिवारी एनकाउंटर मामले से जोड़कर चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि आधिकारिक आदेश में इसकी कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई गई है।
विस्तार
भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के बिलौटी गांव में बीते 17 जून को हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले के बीच भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया और पुलिस अधीक्षक मिस्टर राज का तबादला कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों के तबादले के बाद जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग इसे भरत तिवारी प्रकरण से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों के तबादले को लेकर जारी आधिकारिक आदेश में भरत तिवारी प्रकरण को कारण बताए जाने की कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि दोनों अधिकारियों का तबादला इसी मामले के चलते किया गया है।
भरत तिवारी प्रकरण को लेकर पिछले कई सप्ताह से पीड़ित परिवार और ग्रामीणों की ओर से न्याय की मांग की जा रही है। मामले की जांच के लिए न्यायिक जांच आयोग का भी गठन किया गया था। आयोग की अंतरिम रिपोर्ट के बाद सरकार की ओर से पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की जा चुकी है।
ये भी पढ़ें- बिहार: IPS अधिकारियों की बड़ी तबादला सूची जारी, कई जिलों के SP बदले; हटाए गए सीवान एसपी पूरन झा
इधर, डीएम तनय सुल्तानिया और एसपी मिस्टर राज के तबादले के बाद इस घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब नए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के कार्यभार संभालने के बाद इस मामले में प्रशासनिक स्तर पर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।