Bihar: दानापुर मंडल में हादसा, ट्रेन के पहियों में फंसी भैंस की मौत; अप लाइन पर डेढ़ घंटे ठप रहा परिचालन
Bihar: दानापुर रेल मंडल के औंटा टाल जंक्शन पर ब्रह्मपुत्र मेल के नीचे भैंस फंसने से उसकी मौत हो गई। हादसे के कारण अप लाइन पर रेल परिचालन करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक ठप रहा।
विस्तार
दानापुर रेल मंडल अंतर्गत औंटा टाल जंक्शन पर एक दर्दनाक और अव्यवस्था पैदा करने वाली घटना सामने आई है। कामाख्या–दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल के नीचे अचानक एक भैंस आ जाने से वह ट्रेन के पहियों में फंस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे के कारण अप लाइन पर रेल परिचालन करीब डेढ़ घंटे से अधिक समय तक पूरी तरह ठप रहा। घटना शनिवार शाम लगभग पौने पांच बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और ट्रेन में सवार यात्रियों के अनुसार, भैंस अचानक रेलवे ट्रैक पर आ गई और ब्रह्मपुत्र मेल के नीचे फंस गई। घटना के तुरंत बाद एहतियातन ट्रेन को रोक दिया गया। भैंस के पहियों में बुरी तरह फंसे होने के कारण उसे हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी, जिससे ट्रेन लंबे समय तक मौके पर ही खड़ी रही।
घटना की सूचना मिलते ही रेलकर्मी और संबंधित विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और भैंस को ट्रेन के पहियों के बीच से बाहर निकालने के प्रयास में जुट गए। खबर लिखे जाने तक ट्रेन का परिचालन पुनः शुरू नहीं हो सका था।
पढ़ें: अज्ञात वाहन की ठोकर से एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से हुआ घायल; हाजीपुर रेफर
इस घटना का असर केवल ब्रह्मपुत्र मेल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अप लाइन से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। कई ट्रेनें अलग-अलग स्टेशनों पर रोक दी गईं। भीषण ठंड के बीच यात्रियों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ा, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मामले को लेकर जब आरपीएफ थाना अध्यक्ष राजेश कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन कॉल का कोई जवाब नहीं दिया।
फिलहाल रेल प्रशासन द्वारा ट्रैक को क्लियर कर परिचालन सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह घटना एक बार फिर रेल पटरियों के आसपास मवेशियों की आवाजाही और रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।