बिहार: भागलपुर नाव हादसे पर बड़ा एक्शन! लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर FIR का आदेश, दो मजदूर अब भी लापता
नवगछिया के राघोपुर में फ्लड फाइटिंग के दौरान नाव पलटने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। हादसे में 21 मजदूर सवार थे, जिनमें 19 को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि दो अब भी लापता हैं। डीएम ने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और वेंडर्स पर FIR दर्ज करने का निर्देश दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भागलपुर स्थित नवगछिया के राघोपुर में फ्लड फाइटिंग के दौरान मजदूरों से भरी नाव पलटने के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नाव हादसे के समय नाव पर 21 लोगों के सवार होने की बात सामने आई है। इनमें से 19 लोगों को SDRF की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि सिकंदर मंडल और बादल मंडल अब भी लापता हैं।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचीं भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडे ने पूरे मामले की जानकारी ली। डीएम ने फ्लड फाइटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों में हुई लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जल संसाधन विभाग को संबंधित ठेकेदारों और वेंडर्स के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है।
डीएम ने कहा कि नाव पर सवार मजदूरों को लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने और उसे पहनाने के निर्देश पहले ही दिए गए थे, लेकिन इसमें कहीं न कहीं चूक हुई है। इसी लापरवाही को हादसे की वजह मानते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने अब फ्लड फाइटिंग के काम में नाव के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी है। कटाव स्थल तक जियो बैग पहुंचाने के लिए अब सिर्फ ट्रैक्टर का इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही काम के दौरान सुरक्षा के सभी मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
ये भी पढ़ें- Live बिहार में बाढ़ का खतरा लाइव: गंडक बराज के सभी 36 गेट खोले, तीन मीटर ऊंचा उठ रहा सैलाब
डीएम ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम उम्र के किसी भी मजदूर को इस खतरनाक काम में नहीं लगाया जाएगा। वहीं, लापता दोनों मजदूरों की तलाश के लिए SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासन ने इंजीनियरों को कटावरोधी कार्य जल्द पूरा करने का भी निर्देश दिया है, क्योंकि गंगा का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान पर है।