Bihar: वैशाली में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद इनामी बदमाश गिरफ्तार
बिहार के वैशाली जिले के बालिगांव थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें कुख्यात अपराधी अमन साहनी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक अन्य साथी भी मुठभेड़ में घायल हुआ है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। समस्तीपुर में बड़ी वारदात की योजना बना रहे अपराधियों का पीछा करते हुए बिहार एसटीएफ और पुलिस की टीम वैशाली पहुंची, जहां खेतों में भाग रहे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागने के दौरान गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया।
बलिगांव थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़
घटना वैशाली जिले के बलिगांव थाना क्षेत्र के अलीनगर लेवढन के भूसाही गांव की है। पुलिस के अनुसार, पीछा करने के दौरान अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अपराधी घायल हो गया, जबकि दूसरा अपराधी भागने के दौरान गिरने से घायल हो गया। दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही वैशाली पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा, महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार और समस्तीपुर पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रसाद सिंह मौके पर पहुंचे तथा पूरे मामले की जानकारी ली।
एक अपराधी को गोली लगी, दूसरे का पैर फ्रैक्चर
पुलिस के अनुसार घायल अपराधी अमन सहनी के पैर में घुटने के नीचे गोली लगी है, जबकि दूसरा आरोपी लक्ष्मी कुमार भागने के दौरान गिर गया, जिससे उसका पैर फ्रैक्चर हो गया।
अमन सहनी समस्तीपुर का रहने वाला है, जबकि लक्ष्मी कुमार मुजफ्फरपुर का निवासी बताया गया है।
घटना के बाद पूरे इलाके में पुलिस मुठभेड़ की चर्चा तेज हो गई।
बड़ी लूट की योजना बना रहे थे चार अपराधी
वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि बिहार एसटीएफ को सूचना मिली थी कि समस्तीपुर के बंगरा थाना क्षेत्र स्थित एक बांसबाड़ी में चार अपराधी किसी बड़ी लूट की वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर एसटीएफ ने बंगरा थाना पुलिस के सहयोग से मौके की घेराबंदी की।
पुलिस की भनक लगते ही चारों अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर फरार होने लगे। इसके बाद एसटीएफ और पुलिस ने उनका पीछा शुरू कर दिया।
घेराबंदी के बाद खेतों की ओर भागे अपराधी
पीछा करते हुए एक बाइक पर सवार दो अपराधी वैशाली के बलिगांव थाना क्षेत्र में ग्रामीण सड़क की ओर भाग निकले।
एसटीएफ ने इसकी सूचना तत्काल बलिगांव थानाध्यक्ष राम निवास कुमार को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने भूसाही गांव में घेराबंदी कर दी।
पुलिस से घिरता देख दोनों अपराधियों ने बाइक सड़क किनारे छोड़ दी और खेतों की ओर भागने लगे।
अपराधियों ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में पकड़े गए
पुलिस अधिकारियों के अनुसार चारों ओर से घिरने के बाद अपराधियों ने पुलिस पर दो राउंड फायरिंग की।
आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान पुलिस की गोली अमन सहनी के पैर में घुटने के नीचे लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।
वहीं दूसरा अपराधी लक्ष्मी कुमार भागने के दौरान गिर गया और उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
हालांकि इस दौरान दो अन्य अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे।
दो पिस्टल और अपाचे बाइक बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल के पास से अपराधियों की एक अपाचे मोटरसाइकिल और दो पिस्टल बरामद की हैं। फिलहाल फरार दो अपराधियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी जारी है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।