Bihar Accident: सड़क हादसे में चाय दुकानदार की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम; कोहराम
Bihar: श्रवण साह गांव में एक भोज समारोह से लौट रहे थे। उसी दौरान रानीपोखर के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
विस्तार
वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चाय दुकानदार की मौत हो गई। यह हादसा महुआ-राजापाकर मुख्य मार्ग पर रानीपोखर के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पैदल जा रहे दुकानदार को टक्कर मार दी।
मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर बखरी गांव निवासी स्व. मुनेश्वर साह के 60 वर्षीय पुत्र श्रवण साह के रूप में हुई है। वह रानीपोखर चौक पर चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे और अपने परिवार की जीविका उसी से चला रहे थे। उनके परिवार में एक बेटा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब 10 बजे की है जब श्रवण साह गांव में एक भोज समारोह से लौट रहे थे। उसी दौरान रानीपोखर के समीप तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने रानीपोखर चौक के पास सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित रहा। घटना की सूचना मिलते ही महुआ थाना अध्यक्ष राकेश रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
पढ़ें: नेपाल सीमा के रास्ते संदिग्ध पाकिस्तानियों के घुसपैठ की सूचना, एसएसबी जवानों ने इलाके में बढ़ाई गश्ती
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेज दिया है। थाना अध्यक्ष राकेश रंजन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। स्कॉर्पियो और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मृतक एक साधारण चाय दुकानदार थे, जो मेहनत से अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।