मुजफ्फरपुर: सड़क किनारे सो रहे शंकर पर चढ़ा ट्रक, मदद के बजाय पिटाई कर गड्ढे में फेंकने का आरोप
मुजफ्फरपुर के अहियापुर में सड़क किनारे सो रहे युवक को कथित तौर पर वाहन से कुचलने के बाद पिटाई कर खड्डे में फेंकने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल शंकर सहनी को ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र के भीखनपुर इलाके में सड़क किनारे सो रहे युवक पर वाहन चढ़ा दिया गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर मदद की गुहार लगाने लगा।
आरोप है कि वाहन सवार ने मदद करने के बजाय उसकी पिटाई कर उसे सड़क किनारे गढ्डे में फेंक दिया, जहां वह बेहोश हो गया। ग्रामीणों की नजर पड़ने पर उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस घायल का बयान लेकर मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है। घायल की पहचान 38 वर्षीय शंकर सहनी के रूप में हुई है।
घटना को लेकर घायल शंकर ने बताया कि वह देर रात काम करने के बाद पास के पेट्रोल पंप के समीप सड़क किनारे सो गए थे। इसी दौरान अहले सुबह आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनके ऊपर ट्रक चढ़ा दिया। इससे उनका पैर टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। दर्द से कराहते हुए उन्होंने मदद की गुहार लगाई, लेकिन आरोप है कि कोई उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया। इसके बाद उन्हें सड़क किनारे स्थित खड्डे में फेंक दिया गया। चोट के कारण उनकी चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
येे भी पढ़ें- बिहार: 'एक ही परीक्षा होगी, नेगेटिव मार्किंग भी लागू'; टीआरई-चार को लेकर शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान
शंकर ने बताया कि उनके पूरे शरीर में चोट लगी है और पैर टूट गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए हैं। घटना को लेकर परिजनों में गुस्सा और नाराजगी है।
इस घटना को लेकर श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ओपी प्रभारी ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी मिली है। पीड़ित का जल्द बयान लिया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल घायल का इलाज कराया जा रहा है। मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।