Bihar: सोशल मीडिया पोस्ट पर भड़के भाजपा विधायक, समर्थकों संग युवक के घर पहुंचे; जमकर हुआ बवाल
Bihar: मुजफ्फरपुर में सोशल मीडिया पर बीजेपी विधायक रंजन कुमार के खिलाफ कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर विवाद बढ़ गया। विधायक समर्थकों के साथ युवक के घर पहुंचे, जहां मारपीट हुई। दोनों पक्षों ने थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के बीजेपी विधायक के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट करना दो युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर टिप्पणी किए जाने के बाद नगर विधायक रंजन कुमार अपने कई समर्थकों के साथ पोस्ट करने वाले युवक के घर पहुंच गए, जहां दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं, इस मामले में पीड़ित पक्ष ने बीजेपी विधायक के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है, जबकि नगर विधायक ने भी दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। सोशल मीडिया पर विधायक समर्थकों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद विधायक ने पूरे मामले में सफाई भी दी है।
विधायक ने लगाया छवि खराब करने का आरोप
बीजेपी विधायक रंजन कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि कन्हौली निवासी मुकुंद कुमार फेसबुक अकाउंट के माध्यम से लगातार विधानसभा क्षेत्र-94 और उनकी छवि को लेकर भ्रामक पोस्ट कर रहा था। विधायक के अनुसार, बीती रात भी उनकी तस्वीर लगाकर चरित्र हनन करने का प्रयास किया गया।
समझाने के बाद भी नहीं रुका पोस्ट करना
विधायक ने कहा कि पूर्व में भी स्थानीय लोगों द्वारा कई बार आरोपी को समझाया गया था कि उनके बारे में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट न करें, बावजूद इसके वह लगातार ऐसा करता रहा। विधायक के मुताबिक, इसी सिलसिले में वह अपने समर्थकों और मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ आरोपी के घर पूछताछ करने गए थे।
विधायक समर्थकों पर मारपीट का आरोप
वहीं आरोप है कि आरोपी और उसके साथ मौजूद लोगों ने उग्र होकर गाली-गलौज की तथा विधायक के साथ गए लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।
एक अन्य युवक पर भी लगाए गंभीर आरोप
विधायक ने एक अन्य आवेदन में पताही जगन्नाथ निवासी ठाकुर दिव्य प्रकाश पर भी फेसबुक के माध्यम से भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट करने का आरोप लगाया है। विधायक ने कहा कि पिछले एक वर्ष से आरोपी लगातार उनके नाम और विधानसभा क्षेत्र-94 का उल्लेख कर चरित्र हनन कर रहा है। चुनाव के दौरान भी उनके खिलाफ कई भ्रामक पोस्ट किए गए, जिससे उन्हें मानसिक तनाव झेलना पड़ा।
ये भी पढ़ें: मेगा मार्ट में काम करते-करते चली गई युवक की जान, एक साल पहले हुई थी शादी
आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की मांग
दोनों मामलों में विधायक ने पुलिस प्रशासन से संबंधित सोशल मीडिया खातों की जांच कर आईटी एक्ट एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.