बिहार: मुजफ्फरपुर में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, चार लाख नकद और 20 लाख के जेवर लेकर फरार
मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद घर से चार लाख रुपये नकद और करीब 20 लाख के आभूषण चुरा लिए। छठ पूजा के बाद लौटे व्यवसायी को घटना की जानकारी हुई। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र के बेला रोड में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब 24 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोर घर से चार लाख रुपये नकद और करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी पीड़ित व्यवसायी को छठ पूजा के बाद घर लौटने पर हुई। चोरों ने चोरी के बाद घर में दूसरा ताला लगा दिया था, ताकि आसपास के लोगों को घटना की भनक न लगे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित व्यवसायी आत्मानंद सिंह ने बताया कि वह छठ पूजा मनाने के लिए दो दिन पहले अपने ससुराल बेगूसराय गए थे। मंगलवार को जब वह अपने शहर स्थित घर लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजे पर एक अतिरिक्त ताला लगा हुआ है। ताला देखकर उनकी पत्नी को शक हुआ। हालांकि, शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद किसी रिश्तेदार ने सुरक्षा के लिहाज से दूसरा ताला लगाया होगा।
पढ़ें: प्रदेश में जल्द शुरू होंगी पांच नई चीनी मिलें, सीएम सम्राट चौधरी ने गन्ना विकास रथ को दिखाई हरी झंडी
काफी देर तक संशय में रहने के बाद जब उन्होंने ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए। चोरों ने कमरे में रखी आधुनिक लॉक वाली अलमारी को तोड़कर उसमें रखे करीब 20 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए थे। इसके अलावा, कुछ दिन पहले एचडीएफसी बैंक से निकालकर रखे गए चार लाख रुपये नकद भी गायब थे।
आत्मानंद सिंह के अनुसार, चोरों ने पहले घर का ताला तोड़ा और चोरी करने के बाद बाहर दूसरा ताला लगा दिया, ताकि किसी को घटना की जानकारी न हो सके। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
इधर, सूचना मिलने पर मिठनपुरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
