मुजफ्फरपुर के ताइक्वांडो खिलाड़ी हैदर परवाज को ‘बेस्ट इंटरनेशनल एथलीट’ सम्मान, खान सर ने किया सम्मानित
मुजफ्फरपुर के ताइक्वांडो खिलाड़ी हैदर परवाज को बिहार स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2026 में ‘बेस्ट इंटरनेशनल एथलीट’ सम्मान से नवाजा गया। पटना में आयोजित समारोह में खान सर ने उन्हें सम्मानित किया। इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों में खुशी है।
विस्तार
बिहार के खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुजफ्फरपुर के खिलाड़ी हैदर परवाज को 30 अगस्त 2026 को पटना में आयोजित बिहार स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2026 के तहत ‘बेस्ट इंटरनेशनल एथलीट’ सम्मान से नवाजा गया। उन्हें यह सम्मान खान सर के हाथों प्रदान किया गया।
यह सम्मान समारोह पटना के राजमहल रिजॉर्ट, भगवान नगर में आयोजित किया गया। समारोह में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और खेल से जुड़े विभिन्न व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। हैदर परवाज को मिले इस सम्मान से मुजफ्फरपुर के खेल प्रेमियों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है।
हैदर परवाज को प्रदान किए गए सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन में उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों, शानदार प्रदर्शन और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान की सराहना की गई है। प्रमाणपत्र में उन्हें ‘बेस्ट इंटरनेशनल एथलीट’ के रूप में सम्मानित करते हुए उनकी मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति प्रतिबद्धता को प्रेरणादायक बताया गया है।
कार्यक्रम में बिहार स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स के चेयरमैन प्रवीण कुमार मिश्रा (कवि जी), ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी संदीप कुमार सहित आयोजन से जुड़े अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हैदर परवाज के इस सम्मान को मुजफ्फरपुर के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है। यह उपलब्धि बिहार की खेल प्रतिभाओं की बढ़ती पहचान और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके योगदान को भी दर्शाती है।
ये भी पढ़ें- बिहार: चार युवकों की मौत, जहरीली शराब से गई जान! पहले साथ बैठ नशा किया, फिर मुंह से निकलने लगा था झाग
सम्मान मिलने पर हैदर परवाज ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि अपने बीच के किसी कोच या वरिष्ठ खिलाड़ी को इस तरह का सम्मान मिलने से खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलती है। इससे बेहतर प्रदर्शन करने और देश व बिहार के लिए पदक जीतने का जज्बा और मजबूत होता है।