Bihar News: बिहार के विश्वविद्यालय का अजब गजब कारनामा, 100 की जगह दे दिए 257 अंक; दोषी कर्मी पर होगी कार्रवाई
Bihar : बिहार विश्विद्यालय में अजब गजब कारनामा हुआ है। छात्रों के रिजल्ट निकले। जब छात्रों ने अपने रिजल्ट देखे तो दंग रह गये। 100 की जगह 257 अंक मिले। रिजल्ट के बाद से विश्वविद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर की बिहार यूनिवर्सिटी में पीजी थर्ड सेमेस्टरके परिणामों में बड़ी गड़बड़ी हुई है। उनका कहना है कि आरडीएस कॉलेज की हिंदी की एक छात्रा को 100 में से 257 अंक दे दिए गए। चौंकाने वाली बात यह है कि उसे 30 नंबर के प्रैक्टिकल में 225 अंक मिले, इसके बावजूद उसे प्रमोटेड कर दिया गया है। ऐसे छात्र छात्राओं की स्संख्या 1-2 नहीं बल्कि लगभग 150 से अधिक ऐसे विद्यार्थी हैं, जिनका रिजल्ट पेंडिंग हो गया है, जिससे वे काफी परेशान हैं। मंगलवार देर शाम जारी हुए सत्र 2023-25 के रिजल्ट से करीब 150 से अधिक छात्र-छात्राएं प्रभावित हुए हैं। यह समस्या हिंदी और अंग्रेजी विषय के छात्रों के साथ-साथ विज्ञान संकाय के छात्रों के भी परिणामों में गड़बड़ी की शिकायत की है।
इस संबंध में छात्र अंकित कुमार ने बताया कि पीजी थर्ड सेमेस्टर का रिजल्ट आने के बाद वे यूनिवर्सिटी की गलती के कारण बहुत परेशान हैं। उनका कहना है कि उनका रिजल्ट फंस गया है, जिससे उन्हें काफी परेशानी हो रही है। लगभग नौ हजार छात्रों ने थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा दी थी, जिनमें से लगभग आठ हजार छात्रों ने परीक्षा पास की है। यूनिवर्सिटी का कहना है कि बाकी छात्रों की समस्याओं का भी जल्द समाधान किया जाएगा।
इस संबंध में यूनिवर्सिटी के परीक्षा नियंत्रक, प्रो. डॉ. रामकुमार ने बताया कि यह एक तकनीकी त्रुटि है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने इसको स्वीकार करते हुए कहा कि कुछ छात्रों को पूर्णांक से अधिक अंक मिले हैं। उन्होंने कहा कि समीक्षा के बाद यह पता चला कि यह गलती एक्सेल शीट पर एंट्री करते समय कीबोर्ड पर गलत टाइप हो जाने के कारण हुई है। डॉ. रामकुमार ने यह भी बताया कि यह गलती सुधार दी गई है। मंगलवार शाम 6 बजे ही अंकों को ठीक कर दिया गया है। भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों से बचने के लिए कंप्यूटर प्रोग्रामर को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने प्रोग्राम को इस तरह से बनाएं कि यदि पूर्णांक से अधिक अंक दर्ज किए जाएं, तो कंप्यूटर उसे स्वीकार न करे। सॉफ्टवेयर में सुधार के लिए भी आदेश दिए गए हैं। डॉ. रामकुमार ने कहा कि अभी तक आरडीएस कॉलेज के दो छात्रों के अंकों में गड़बड़ी का मामला उनके संज्ञान में आया था, और उन दोनों के अंक सुधार दिए गए हैं।
बिहार विश्विद्यालय का अजब गजब खेल

बिहार विश्विद्यालय का अजब गजब खेल