Bihar News: लीची के पेड़ से लटकता हुआ मिला मां और बेटी का शव, हत्या की जताई गई आशंका; इलाके में सनसनी
Bihar: पिलखी गांव में एक मां और उसकी बेटी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लीची के पेड़ से लटका मिला। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच-पड़ताल में जुट गई है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के पिलखी गांव में एक मां और उसकी बेटी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में लीची के पेड़ से लटका मिला। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचने लगे।
अब तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शवों को एक साथ फंदे से लटका देख स्थानीय लोगों में दहशत है। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाया है, जो आगे की जांच करेगी।
पढ़ें: सुबह की सैर से लौट रहे बुजुर्ग दंपती को अपराधियों ने बनाया शिकार, प्रणाम कर लूट ली सोने की चेन
घटना के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या है। लोगों का मानना है कि कोई एक व्यक्ति मां-बेटी को इस तरह नहीं लटका सकता, बल्कि इसमें कई लोग शामिल हो सकते हैं।
ग्रामीण एसपी विद्या सागर ने बताया कि मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिससे मौत के असली कारणों का पता चल सके। पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों में तस्वीरें भेजकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।