{"_id":"6a95780fc26f25a3840525ea","slug":"muzaffarpur-bihar-news-lizard-found-during-midday-meal-panic-at-school-affect-individuals-hurriedly-admitted-treatment-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1376-4670378-2026-08-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"बिहार: स्कूल में खिचड़ी में मिली मरी छिपकली, खाना खाने के बाद 39 बच्चों की बिगड़ी तबीयत; अस्पताल लाया गया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बिहार: स्कूल में खिचड़ी में मिली मरी छिपकली, खाना खाने के बाद 39 बच्चों की बिगड़ी तबीयत; अस्पताल लाया गया
Mon, 31 Aug 2026 08:26 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Mon, 31 Aug 2026 08:26 PM IST
सार
Bihar News: मुजफ्फरपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय पिपरा असली में मध्याह्न भोजन की खिचड़ी में मरी हुई छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। खाना खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। कुल 39 बच्चों की जांच की गई, जिनमें कई बच्चों को पेट दर्द की शिकायत थी। डॉक्टरों के अनुसार किसी भी बच्चे में विषाक्तता के लक्षण नहीं मिले।
विज्ञापन
मध्याह्न भोजन में मिली छिपकली
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज प्रखंड क्षेत्र के राजेपुर ओपी क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक विद्यालय पिपरा असली, वार्ड-7 में मध्याह्न भोजन में छिपकली युक्त खाना मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद पूरे स्कूल से लेकर पीएचसी तक अफरातफरी का माहौल बन गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद बच्चों के परिजन भागते हुए स्कूल पहुंचे और इसके बाद बच्चों को अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि दो दर्जन से अधिक छात्र-छात्राओं ने खाना खाया था। यह बात सामने आने के बाद बच्चों की हालत खराब होने लगी, जबकि कई बच्चों को उल्टी और दस्त की शिकायत भी हुई।
विज्ञापन
खिचड़ी में छिपकली मिलने की खबर से मचा हड़कंप
बच्चों के परिजनों ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि स्कूल में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की खिचड़ी में छिपकली मिली है। इसके बाद वे अपने बच्चों को लेकर स्कूल पहुंचे। परिजनों के मुताबिक, उनके बच्चे की भी तबीयत खराब हो गई थी, जिसके बाद उसे अस्पताल लाया गया।
विज्ञापन
खाना परोसते समय दिखी मरी हुई छिपकली
स्कूल के प्रधान शिक्षक रामेश्वर कुमार ने बताया कि मध्याह्न भोजन के दौरान रसोइयों द्वारा बच्चों को भोजन परोसा जा रहा था। इसी दौरान खाने में मरी हुई छिपकली पड़ी हुई दिखाई दी। इसके बाद खाना खा रहे करीब आधा दर्जन बच्चों को तुरंत उठाया गया और भोजन परोसना रोक दिया गया।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें: बिहार शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को झटका, 32,388 पदों पर आवेदन प्रक्रिया स्थगित
39 बच्चों की हुई जांच, डॉक्टर क्या बोले?
वहीं, साहेबगंज पीएचसी के चिकित्सक ने बताया कि कुल 39 बच्चे अस्पताल पहुंचे थे। सभी की जांच की गई। कुछ बच्चों को पेट दर्द की शिकायत थी, अन्य सभी बच्चे ठीक थे और उन्हें अस्पताल से वापस भेज दिया गया। चिकित्सक के अनुसार जांच में किसी भी तरह की विषाक्त चीज नहीं मिली है।