बिहार: तिरहुत स्नातक सीट से एनडीए प्रत्याशी अभिषेक झा ने दाखिल किया नामांकन, हजारों समर्थकों के साथ पहुंचे
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जेडीयू प्रत्याशी अभिषेक झा ने सोमवार को हजारों समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल किया। शिक्षक सीट से निवर्तमान एमएलसी संजय सिंह ने भी पर्चा भरा। एनडीए नेताओं ने अभिषेक की जीत की अपील की।
विस्तार
बिहार विधान परिषद के तिरहुत स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। नामांकन समाप्त होने से एक दिन पहले सोमवार को प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय में तिरहुत स्नातक सीट से एनडीए समर्थित जेडीयू प्रत्याशी अभिषेक झा ने नामांकन दाखिल किया।
अभिषेक झा गाजे-बाजे और बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। इस दौरान सीतामढ़ी के सांसद और पूर्व एमएलसी देवेश चंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे। नामांकन कार्यक्रम में बिहार सरकार के डिप्टी सीएम विजय चौधरी, मंत्री अशोक चौधरी, बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन समेत कई मंत्री और विधायक शामिल हुए।
वहीं, तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निवर्तमान एमएलसी संजय सिंह ने भी सोमवार को नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के ऋषि अग्रवाल और निर्दलीय बच्चा राय ने भी नामांकन पर्चा दाखिल किया।
पढ़ें: बेंच-डेस्क के सहारे टिकी थी स्कूल की छत; किस विधायक की मांग पर विद्यालय को शिफ्ट किया गया?
नामांकन के दौरान एनडीए नेताओं ने एकजुट होकर अभिषेक झा के समर्थन में मतदान करने की अपील की। नेताओं ने कहा कि बिहार में एनडीए के पक्ष में माहौल है और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भी एनडीए प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए मतदाता समर्थन करें।
नामांकन के बाद जेडीयू प्रवक्ता और तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी अभिषेक झा ने कहा कि पूरे बिहार में एनडीए की लहर है। उन्होंने कहा कि आज उन्होंने अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया है और सभी नेताओं का आशीर्वाद मिला है।
अभिषेक झा ने कहा कि बिहार में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि स्नातक मतदाताओं और आम लोगों के हित में भी काम करने के लिए वह पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बार बिहार में एनडीए जीत दर्ज करेगा। उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में एनडीए की लहर है और आगे इस आंधी में विरोधी चित हो जाएंगे।