Bihar News: NDA कार्यकर्ता सम्मेलन में जमकर मारपीट, जेडीयू नेताओं के समर्थक आपस में भिड़े; फेंकी गईं कुर्सियां
Bihar News: मुजफ्फरपुर के गायघाट में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान जेडीयू नेताओं के समर्थकों में जमकर मारपीट और कुर्सियां चलीं। घटना का वीडियो वायरल हो गया है। इससे सम्मेलन में अफरातफरी का माहौल बन गया।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट विधानसभा क्षेत्र के जारंग हाई स्कूल मैदान में शनिवार को आयोजित एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन में जोरदार बवाल हो गया। इस दौरान जेडीयू एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह और पूर्व जेडीयू विधायक महेश्वर यादव के समर्थक आपस में भिड़ गए। देखते-देखते माहौल इतना गर्मा गया कि मंच के नीचे कुर्सियां चलने लगीं और जमकर मारपीट हुई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मंच पर कई नेता मौजूद थे, जिनमें एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह और उनकी पुत्री व पूर्व लोजपा (आर) प्रत्याशी कोमल सिंह भी शामिल थीं।
पढे़ं: स्वर्ण व्यवसायी की हत्या से भड़का आक्रोश, ज्वेलरी बाजार में सड़क जाम; पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी दोनों नेताओं के बीच तीखा विवाद हुआ था। उस समय पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में जेडीयू ने एमएलसी दिनेश प्रसाद सिंह को तत्काल पार्टी से निकाल दिया था। हाल ही में जेडीयू नेता प्रभात किरण (स्व. महेश्वर यादव के पुत्र) की बैठक में भी कोमल सिंह के विरोध में रणनीति बनाई गई थी। सम्मेलन के दौरान जब दोनों गुट आमने-सामने आए तो “बाहरी भगाओ” के नारे भी लगे। अचानक हंगामा इतना बढ़ गया कि पूरे परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।