Bihar Crime: दिनदहाड़े लूट का विरोध करने पर इंजीनियर को गोली मारी, आरोपी मौके से फरार; पुलिस जांच में जुटी
Bihar: गोली लगते ही बदमाश चेन का कुछ हिस्सा लेकर फरार हो गए। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मनियारी थानाध्यक्ष देवव्रत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने एक इंजीनियर को गोली मार दी। घायल इंजीनियर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है।
घटना के संबंध में बताया गया है कि वैशाली जिले के सदर थाना क्षेत्र के बरई गांव निवासी सच्चिदानंद शर्मा के पुत्र गोविंद कुमार (35) अपनी बाइक से सकरा थाना क्षेत्र के सुस्ता गांव स्थित ननिहाल जा रहे थे। इसी दौरान मनियारी थाना क्षेत्र के मरीचा के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने गोविंद को गोली मार दी, जो उनकी जांघ में पीछे की ओर लगी है।
पढे़ं: ट्रांसफार्मर बदलने की मांग को लेकर ग्रामीण हुए आक्रोशित, शिवहर-मधुबन मुख्य पथ को किया जाम
गोली लगते ही बदमाश चेन का कुछ हिस्सा लेकर फरार हो गए। मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर मनियारी थानाध्यक्ष देवव्रत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल गोविंद ने बताया कि वे बेंगलुरु की एक निजी कंपनी में इंजीनियर हैं और छुट्टी में अपने गांव आए हुए थे। शनिवार सुबह वे बाइक से ननिहाल जा रहे थे, तभी मरीचा के पास लुटेरों ने हमला कर दिया।
घटना को लेकर एसडीपीओ पश्चिमी टू अनिमेष चन्द्र ज्ञानी ने बताया कि घायल युवक हाजीपुर के रहने वाले हैं और ननिहाल जा रहे थे। रास्ते में तीन अपराधियों ने सोने की चेन छीनने के प्रयास में गोली मार दी। घायल की हालत स्थिर है और चेन का एक हिस्सा वहीं गिर गया, जबकि कुछ हिस्सा आरोपी लेकर भाग गए हैं। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।