बिहार: मुजफ्फरपुर में युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, हाथ में लगी गोली; बाइक छोड़कर भागे बदमाश
मुजफ्फरपुर के बोचहां थाना क्षेत्र में रविवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने आशु कुमार पर फायरिंग कर दी। हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। बदमाश मौके पर अपाचे बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस जांच कर रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक पर गोलीबारी कर दी। इस घटना में युवक घायल हो गया। वारदात के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुटने पर बदमाश अपनी अपाचे बाइक छोड़कर फरार हो गए। घायल युवक को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घायल की पहचान बोचहां थाना क्षेत्र के दहीमन मानपुर गांव निवासी आशु कुमार, पिता जगन्नाथ राय के रूप में हुई है।
घायल आशु कुमार ने बताया कि वह रविवार रात नवरात्रि का मेला देखकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान एक स्कूल के पास बाइक से पहुंचे दो बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसके हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश मौके से भाग निकले और अपनी अपाचे बाइक वहीं छोड़ गए। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।
एसडीपीओ ने कहा- सभी बिंदुओं पर जांच जारी
मामले में एसडीपीओ पूर्वी अलय वत्स ने बताया कि बोचहां थाना क्षेत्र में गोलीबारी की घटना हुई है, जिसमें एक युवक को गोली लगी है। घटनास्थल से एक बाइक बरामद की गई है। घायल का अस्पताल में बयान लिया जा रहा है। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया जा रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।