Bihar Election: '14 नवंबर को बनेगी एनडीए की सरकार, महागठबंधन का खाता नहीं खुलेगा', मुजफ्फरपुर में बोले चिराग
Bihar Election: जनसभा में पहुंचने पर चिराग पासवान ने जनता का अभिवादन किया और कहा कि बिहार सरकार लगातार विकास के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जब तक बिहार को विकसित नहीं बना दूं, तब तक चैन से बैठने वाला नहीं हूं।
विस्तार
मुजफ्फरपुर के कुढ़नी विधानसभा क्षेत्र में आयोजित एनडीए की चुनावी जनसभा में केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के सुप्रीमो चिराग पासवान ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि 14 नवंबर को बिहार में एनडीए की सरकार बनने जा रही है, जबकि महागठबंधन का खाता तक नहीं खुलेगा।
चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार बनेगी और राज्य को फिर से विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने का काम करेगी। आने वाला 14 नवंबर का दिन बिहार के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। पूरे बिहार में एनडीए भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी और मुजफ्फरपुर जिले की सभी सीटों पर हमारे उम्मीदवार विजय दर्ज करेंगे।
जनसभा में पहुंचने पर चिराग पासवान ने जनता का अभिवादन किया और कहा कि बिहार सरकार लगातार विकास के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जब तक बिहार को विकसित नहीं बना दूं, तब तक चैन से बैठने वाला नहीं हूं। ‘बिहारी फर्स्ट’ अभियान के तहत हम काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुझे पूरा सहयोग मिल रहा है।
पढे़ं: ‘बिजली की रोशनी छोड़कर भला कौन लालटेन में रहना चाहेगा?’, सीएम नीतीश कुमार ने कसा राजद पर तंज
उन्होंने आगे कहा कि कुढ़नी विधानसभा से बीजेपी प्रत्याशी केदार प्रसाद गुप्ता एनडीए के साझा उम्मीदवार हैं, इसलिए जनता से अपील है कि वे उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं ताकि क्षेत्र का विकास जारी रह सके। विपक्ष पर प्रहार करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार है। एक इंजन दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी जी चला रहे हैं और दूसरा इंजन पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। दोनों का संकल्प है कि बिहार को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जाए।
चिराग पासवान ने कहा कि इस बार एनडीए को पूरे बिहार में अभूतपूर्व जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि कुढ़नी विधानसभा से एनडीए रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि 14 नवंबर का दिन बिहार के लिए ऐतिहासिक होगा। इस दिन हमारी सरकार बनेगी और विकास का नया अध्याय शुरू होगा।