Bihar News: सरफुद्दीनपुर बाजार में अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, दूसरे दिन भी जारी रही कार्रवाई
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के सरफुद्दीनपुर बाजार में अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने दूसरे दिन भी बुलडोजर कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सरकारी जमीन से छज्जे और शेड हटाए गए। प्रशासन ने जल्द पूरे क्षेत्र को कब्जा मुक्त कराने की बात कही।
विस्तार
मुजफ्फरपुर में अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को बोचहा प्रखंड क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर बाजार में दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। बुलडोजर के साथ पहुंची प्रशासनिक टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में सरकारी जमीन से अवैध कब्जा खाली कराना शुरू किया।
मौके पर जुटी भीड़, अतिक्रमणकारियों में हड़कंप
प्रशासन की कार्रवाई की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। बुलडोजर चलते ही अतिक्रमणकारियों में अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रशासनिक अमला पूरे क्षेत्र को कब्जा मुक्त कराने में जुटा रहा, जिससे बाजार क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी
कार्रवाई के दौरान बोचहा प्रखंड के अंचलाधिकारी विश्वजीत सिंह, प्रखंड विकास अधिकारी प्रिया कुमारी और बोचहा थाना की पुलिस बल मौके पर तैनात रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, ताकि अतिक्रमण हटाने का कार्य सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
यह भी पढ़ें- चोरी के शक में युवक से बर्बरता: प्राइवेट पार्ट में डाला पेट्रोल, हालत गंभीर; पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का आरोप
सरकारी जमीन से हटाया जा रहा अतिक्रमण
प्रशासन द्वारा सरफुद्दीनपुर बाजार के दोनों लेन में स्थित सरकारी जमीन से अवैध कब्जा हटाया जा रहा है। बुलडोजर के माध्यम से करीब 500 मीटर सड़क पर बने अवैध छज्जे और टेंपरेरी शेड को तोड़कर हटाया गया, जिन्हें बनाकर लंबे समय से अतिक्रमण किया गया था।
प्रखंड विकास अधिकारी प्रिया कुमारी ने बताया कि सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी हाल में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाजार क्षेत्र में आवागमन सुचारू रहे और जाम की स्थिति न बने, इसी उद्देश्य से यह कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने नोटिस मिलने के बावजूद अवैध कब्जा नहीं हटाया, उनके खिलाफ अब सख्त कार्रवाई की जा रही है। अगले दो से तीन दिनों में पूरे क्षेत्र को पूरी तरह कब्जा मुक्त करा लिया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.