{"_id":"67c1357861808f5367058e1e","slug":"muzaffarpur-bihar-news-bjp-mla-says-if-minister-from-yadav-caste-that-be-good-bjp-is-justice-based-party-muzaffarpur-news-c-1-1-noi1376-2675250-2025-02-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: ‘BJP अन्याय नहीं, न्याय करने वाली पार्टी’, यादव समाज को लेकर कैबिनेट विस्तार पर बोले पूर्व मंत्री","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: ‘BJP अन्याय नहीं, न्याय करने वाली पार्टी’, यादव समाज को लेकर कैबिनेट विस्तार पर बोले पूर्व मंत्री
Fri, 28 Feb 2025 02:29 PM IST
तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: तिरहुत-मुजफ्फरपुर ब्यूरो
Updated Fri, 28 Feb 2025 02:29 PM IST
सार
Muzaffarpur News: बीजेपी नेता रामसूरत राय ने कहा कि जब उनकी जाति से कोई मंत्री नहीं था, तब भी उन्हें मंत्री बनाया गया था। अब अगर इस बार किसी यादव को मंत्री नहीं बनाया गया है, तो इसका मतलब यह नहीं कि पार्टी किसी के साथ भेदभाव कर रही है।
विज्ञापन
पूर्व मंत्री और बीजेपी विधायक रामसूरत राय
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार सरकार के हालिया कैबिनेट विस्तार में यादव समाज से किसी को मंत्री न बनाए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस मुद्दे पर बीजेपी के औराई से विधायक और पूर्व भूमि सुधार राजस्व मंत्री रामसूरत राय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बीजेपी अन्याय करने वाली नहीं, बल्कि न्याय करने वाली पार्टी है और सभी जातियों को प्रतिनिधित्व देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के भीतर किसी न किसी वजह से यह निर्णय लिया गया होगा, लेकिन इससे यादव समाज के लोगों को भ्रम में नहीं पड़ना चाहिए।
विज्ञापन
‘मेरी जाति से भी कोई मंत्री नहीं था’
रामसूरत राय ने अपने बयान में कहा कि जब उनकी जाति से कोई मंत्री नहीं था, तब भी उन्हें मंत्री बनाया गया था। अब अगर इस बार किसी यादव को मंत्री नहीं बनाया गया है, तो इसका मतलब यह नहीं कि पार्टी किसी के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बीजेपी एक समावेशी पार्टी है, जो योग्यता और जरूरत के आधार पर निर्णय लेती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पूरे देश में तीन केंद्रीय मंत्री यादव जाति से आते हैं और किसी ने यह कल्पना भी नहीं की थी कि मध्य प्रदेश में कभी कोई यादव जाति का मुख्यमंत्री बनेगा, लेकिन बीजेपी ने ऐसा कर दिखाया।
विज्ञापन
‘अब यादव समाज भी बीजेपी के साथ आ रहा है’
पूर्व मंत्री ने कहा कि यादव समाज अब सिर्फ राजद के 'M-Y' (मुस्लिम-यादव) समीकरण तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को भी यादवों का समर्थन मिलने लगा है और पार्टी हर वर्ग को समान रूप से प्रतिनिधित्व देने का प्रयास कर रही है। उनका मानना है कि बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व ने कुछ सोच-समझकर ही यह फैसला लिया होगा। हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि आम जनता के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि इस बार कैबिनेट में यादव समाज का प्रतिनिधित्व क्यों नहीं किया गया।
विज्ञापन
‘जनता के मन में उठ रहे हैं सवाल’
रामसूरत राय ने यह भी कहा कि बीजेपी में सभी निर्णय पार्टी की केंद्रीय कमेटी द्वारा लिए जाते हैं और सभी को पार्टी की रणनीति पर विश्वास रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि आम लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि इस बार मंत्री मंडल में यादव समाज से कोई मंत्री क्यों नहीं बना, लेकिन पार्टी का नेतृत्व इससे जरूर अवगत होगा और भविष्य में इस पर उचित निर्णय लिया जाएगा।
रामसूरत राय का यह बयान ऐसे समय में आया है जब बिहार की राजनीति में कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। यादव समाज का एक बड़ा वर्ग पारंपरिक रूप से राजद का समर्थन करता रहा है, लेकिन बीजेपी अब इस वोट बैंक में भी सेंध लगाने की कोशिश कर रही है।