{"_id":"67a8b383ee850f22e40fb832","slug":"muzaffarpur-a-cunning-member-of-atm-fraud-gang-arrested-stop-cash-withdrawal-by-placing-plate-in-machine-2025-02-09","type":"story","status":"publish","title_hn":"Crime: ATM में ठगी करने वाले गिरोह का शातिर सदस्य गिरफ्तार, मशीन में प्लेट लगाकर रोक देता था नकदी की निकासी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Crime: ATM में ठगी करने वाले गिरोह का शातिर सदस्य गिरफ्तार, मशीन में प्लेट लगाकर रोक देता था नकदी की निकासी
Sun, 09 Feb 2025 07:24 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sun, 09 Feb 2025 07:24 PM IST
सार
Muzaffarpur News: पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गए संदिग्ध युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पूछताछ में पता चला कि यह ठगी के लिए एक संगठित गिरोह के साथ काम कर रहा था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
पुलिस की गिरफ्त में एटीएम ठगी गिरोह का सदस्य
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले में एटीएम से ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शातिर तरीके से एटीएम मशीन में एक विशेष प्लेट लगाकर ग्राहकों के पैसे फंसा देता था और उनके जाने के बाद ठगी को अंजाम देता था।
विज्ञापन
युवक की सूझबूझ से पकड़ा गया ठग
जानकारी के मुताबिक, नगर थाना क्षेत्र के सरैयागंज टावर रोड स्थित एक एटीएम में यह मामला सामने आया। बीते कुछ दिनों से एक युवक लगातार ठगी का शिकार हो रहा था, लेकिन उसने समझदारी दिखाते हुए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया। 10 दिनों की निगरानी के बाद जब ठग दोबारा ATM में वारदात करने आया, तो युवक ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
विज्ञापन
एटीएम में प्लेट लगाकर नहीं निकलने देता था पैसे
आरोपी का तरीका बेहद शातिराना था। वह ATM मशीन के कैश डिस्पेंसर में एक पतली प्लेट को फेविकोल से चिपका देता था, जिससे ग्राहक द्वारा पैसे निकालने की प्रक्रिया तो पूरी हो जाती, लेकिन नकदी बाहर नहीं निकलती। ग्राहक को लगता कि ट्रांजेक्शन फेल हो गया और वह वहां से चला जाता। इसके बाद आरोपी वापस आकर प्लेट को हटाकर फंसे हुए पैसे लेकर फरार हो जाता था। इस तकनीक का इस्तेमाल कर गिरोह अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों को लाखों रुपये का चूना लगा चुका है।
विज्ञापन
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पूरे मामले पर डीएसपी टाउन वन सीमा देवी ने बताया कि स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गए संदिग्ध युवक को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पूछताछ में पता चला कि यह ठगी के लिए एक संगठित गिरोह के साथ काम कर रहा था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। आरोपी से पूछताछ में इस गिरोह के कई और वारदातों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
शहर के अन्य ATM में भी हो चुकी हैं वारदातें
पुलिस को संदेह है कि शहर के कई अन्य एटीएम में भी इसी तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें यह गिरोह सक्रिय रहा है। नगर पुलिस पकड़े गए आरोपी से गिरोह के पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।
सतर्क रहें, ऐसे फ्रॉड से बचने के लिए उठाएं सावधानियां
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम से पैसे निकालते समय सतर्क रहें। अगर पैसे नहीं निकलते, तो तुरंत बैंक या पुलिस को सूचित करें। किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें।