{"_id":"6731c7eae3c1de31b7037a34","slug":"mlc-by-election-of-tirhut-graduate-constituency-nomination-process-begins-tough-competition-between-jdu-rjd-2024-11-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bypoll: तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC उपचुनाव की नामांकन की प्रक्रिया शुरू, जदयू-RJD के बीच कड़ी टक्कर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bypoll: तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC उपचुनाव की नामांकन की प्रक्रिया शुरू, जदयू-RJD के बीच कड़ी टक्कर
Mon, 11 Nov 2024 02:31 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुजफ्फरपुर
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Mon, 11 Nov 2024 02:31 PM IST
सार
Tirhut Graduate Constituency MLC By-election: तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC उपचुनाव की नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रत्याशी 18 नवंबर तक अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। वहीं, इस उपचुनाव में जदयू और RJD के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है।
विज्ञापन
राजद प्रत्याशी गोपी किशन, जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा और निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. विनायक गौतम
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC उपचुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत आज से हो गई है। इस उप चुनाव में नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 18 नवंबर रखी गई है। नामांकन पत्रों की जांच 19 नवंबर को की जाएगी और 21 नवंबर नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि होगी। चुनाव की तिथि पांच दिसंबर निर्धारित की गई है। इसके लिए प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस सीट पर उपचुनाव का कारण जेडीयू सांसद देवेश चंद्र ठाकुर का लोकसभा चुनाव में सीतामढ़ी से सांसद निर्वाचित होना और उनके एमएलसी पद से इस्तीफा देना है।
विज्ञापन
JDU और RJD में कांटे की टक्कर की उम्मीद
इस उप चुनाव में प्रमुख मुकाबला जेडीयू और आरजेडी के बीच होने की संभावना है। जेडीयू ने देवेश चंद्र ठाकुर के करीबी और पार्टी प्रवक्ता अभिषेक झा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। महागठबंधन की ओर से आरजेडी ने युवा नेता और पूर्व विधायक के बेटे गोपी किशन को मैदान में उतारा है। इसके अलावा, बीजेपी की ओर से पूर्व एमएलसी रामकुमार सिंह के बेटे और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री रघुनाथ पांडे के नाती डॉ. विनायक गौतम भी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। साथ ही, निर्दलीय उम्मीदवारों में राजेश कुमार रोशन और राकेश रोशन भी मैदान में हैं। इन सभी प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों के बीच चुनावी अभियान तेज कर दिया है और मतदाताओं को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं।
विज्ञापन
चार जिलों के मतदाताओं के लिए मतदान का मौका
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के इस उपचुनाव में चार जिलों मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी और शिवहर के स्नातक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव आयोग द्वारा जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार मुजफ्फरपुर में सबसे अधिक मतदाता हैं, जिनमें 45,031 पुरुष और 25,511 महिला मतदाता शामिल हैं। सीतामढ़ी में 30,814 पुरुष और 12,185 महिला मतदाता हैं, जबकि वैशाली में 26,646 पुरुष और 10,992 महिला मतदाता हैं। शिवहर में सबसे कम मतदाता हैं, जहां 4,910 पुरुष और 1,731 महिला मतदाता हैं।
विज्ञापन
ग्रामीणों की चुनाव में विशेष रुचि, प्रशासन सतर्क
चुनाव प्रक्रिया के दौरान ग्रामीणों और छात्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रत्याशी अपनी चुनावी रणनीति को धार देने के लिए जनता के बीच सक्रिय हो गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं ताकि शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हो सके।
उप मुख्य निर्वाची पदाधिकारी रत्नम्बर निलय ने जानकारी देते हुए बताया कि आज से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन प्रक्रिया 18 नवंबर तक चलेगी। 19 को स्क्रूटनी और 21 नवंबर तक नाम वापसी की भी तिथि निर्धारित है, जबकि चुनाव पांच दिसंबर को होना है। सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है।