Bihar News: विराट रामायण मंदिर में 17 जनवरी को शिवलिंग स्थापना, सीएम नीतीश कुमार रहेंगे मौजूद
Bihar: मोतिहारी के कैथवलिया गांव स्थित विराट रामायण मंदिर परिसर में 17 जनवरी को शिवलिंग की स्थापना होगी। कार्यक्रम में सीएम नीतीश कुमार शामिल होंगे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं, जबकि 16 जनवरी को मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी।
विस्तार
मोतिहारी के राम जानकी पथ किनारे स्थित कैथवलिया गांव में निर्माणाधीन विश्व के सबसे बड़े विराट रामायण मंदिर परिसर में 17 जनवरी को शिवलिंग की स्थापना की जाएगी। इसे लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पूजा पंडाल और मंडप का निर्माण कार्य भी संपन्न हो चुका है।
शिवलिंग स्थापना कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं उपस्थित रहेंगे। मुख्यमंत्री 17 जनवरी को सुबह 11:50 बजे मंदिर परिसर पहुंचेंगे। वे सबसे पहले कैथवलिया आएंगे, इसके बाद मोतिहारी के अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। डीएसपी संतोष कुमार ने बताया कि चकिया–केसरिया मार्ग पर राजपुर के समीप और वृंदावन के आगे आवागमन पर रोक रहेगी। विशेष परिस्थिति में ई-रिक्शा के माध्यम से आवाजाही की अनुमति होगी। मंदिर की ओर आने वाले सभी मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
पढे़ं: मुजफ्फरपुर में झूठी लूट का पर्दाफाश, व्यापारी का मुंशी ही निकला साजिशकर्ता; पुलिस ने खोला राज
16 जनवरी को होगा विशेष मॉक ड्रिल
महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव शायन कुणाल ने बताया कि विराट रामायण मंदिर का निर्माण कार्य वर्ष 2030 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिवलिंग स्थापना के अवसर पर हेलीकॉप्टर से जलाभिषेक और पुष्प वर्षा की जाएगी। शिवलिंग स्थापना के लिए भोपाल से दो क्रेन मंगाए गए हैं, जिनका 16 जनवरी को मॉक ड्रिल कराया जाएगा। मंदिर निर्माण के बाद परिसर कैसा दिखेगा, इसका लाइव प्रसारण एलईडी टीवी के माध्यम से किया जाएगा।
मंदिर निर्माण से सृजित हो रहा है रोजगार
विराट रामायण मंदिर का निर्माण कार्य 24 घंटे जारी है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं। निर्माण कार्य में करीब 400 स्थानीय लोगों को रोजगार मिला है। मंदिर निर्माण करा रही कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोज पांडे ने बताया कि निर्धारित समयसीमा में निर्माण पूरा करने के लिए दिन-रात काम किया जा रहा है और इसमें स्थानीय लोगों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है।