Bihar: मुजफ्फरपुर के थाने से गायब हो गई जब्त लग्जरी कार, ओपी प्रभारी समेत जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
Bihar: एडिशनल एसपी (ईस्ट) शहरीयार अख्तर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाने के एक साइड से परिसर खुला हुआ है, जिसका फायदा उठाकर चोर ने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और चोर की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के रामपुर हरि थाना परिसर से शराब मामले में जब्त की गई एक लग्जरी कार रहस्यमय तरीके से चोरी हो गई है। चोर की हरकत थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी गिरफ्तारी और कार की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है। इस घटना से पुलिस की कार्यशैली और थानों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठ खड़े हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, 11 जून को रामपुर हरि थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव को गुप्त सूचना मिली थी कि गोसाईपुर निवासी संजय राय का पुत्र संतोष कुमार एक काले रंग की कार में शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम टेंगराहा इलाके में पहुंची, जहां संदिग्ध कार खड़ी मिली। पुलिस को देखकर कार में बैठा व्यक्ति मौके से भाग निकला। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर वह फरार हो गया।
बाद में पुलिस ने कार की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। कुल 54 लीटर शराब की बरामदगी के बाद कार और शराब को जब्त कर थाने लाया गया। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी। इसी बीच बीती रात करीब दो बजे अज्ञात चोर थाना परिसर में दाखिल हुआ और जब्त की गई होंडा सिटी कार लेकर फरार हो गया। पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
पढ़ें: राष्ट्रीय वीर बालक पुरस्कार के लिए सृष्टि कुमारी का नाम भेजा गया, कटक में जीता था स्वर्ण पदक
एडिशनल एसपी (ईस्ट) शहरीयार अख्तर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाने के एक साइड से परिसर खुला हुआ है, जिसका फायदा उठाकर चोर ने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और चोर की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में ड्यूटी पर तैनात ओडी पदाधिकारी और संतरी के खिलाफ कार्रवाई तय है। ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।