Bihar Accident: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भीषण टक्कर, एक की मौत; दो गंभीर रूप से घायल
Bihar: पुलिस मृत महिला की पहचान में जुटी हुई है और उसके परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक व घायलों के परिजन हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचने लगे हैं।
विस्तार
सदर थाना क्षेत्र के बेरई चौक पर शुक्रवार को हाजीपुर-महुआ मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान देसरी थाना क्षेत्र के फटीगकवारा निवासी सुधीर सिंह के पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में हुई है।
घायलों में गाजीपुर निवासी विश्वजीत कुमार सिंह के पुत्र परमजीत कुमार शामिल हैं। एक अन्य घायल महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से डायल 112 की पुलिस टीम ने हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों घायलों की स्थिति को गंभीर बताते हुए उन्हें पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने स्कॉर्पियो को पकड़ लिया, लेकिन उसका चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पढ़ें: विक्रमशिला में फिर से गूंजेगा प्राचीन ज्ञान का स्वर, ब्लैक मैजिक भी बनेगा रिसर्च का विषय; प्रो. शिंदे
पुलिस मृत महिला की पहचान में जुटी हुई है और उसके परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक व घायलों के परिजन हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचने लगे हैं। वहीं, मृतक का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।
स्थानीय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी और वाहन पूरी तरह से अनियंत्रित था। एक बार फिर से वैशाली जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है।