Bihar News: वैशाली में घड़ियाल ने गंगा घाट के किनारे किया कब्जा, ग्रामीणों ने वन विभाग से की यह मांग
Vaishali News: स्थानीय अर्जुन राय ने बताया कि सुकुमारपुर घाट पर जहां लोग स्नान करते हैं, वहां घड़ियाल नदी से बाहर निकलकर बालू पर रहता है। स्नान करने वाले लोग भयभीत हैं। अर्जुन राय ने वन विभाग के अधिकारियों से उसे रेस्क्यू करने की मांग की है।
विस्तार
बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड के सुकुमारपुर गांव में गंगा नदी किनारे बालू पर घड़ियाल घूमते देखे गए हैं। यह सूचना सामने आने पर इलाके के लोगों में दहशत का माहौल कायम है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को नदी किनारे घड़ियाल को विचरण करते देख ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि गंगा नदी में एक घड़ियाल लगातार दिख रहा है। प्रखंड के सुकुमारपुर और आसपास के ग्रामीणों की मानें तो घड़ियाल पहली दफा बुधवार को सुकुमारपुर घाट पर नाव के पास गंगा नदी किनारे दिखा था।
ग्रामीणों के अनुसार घड़ियाल करीब 10 या 12 फीट का है। वह पानी में जब डूब जाता है तो दस या बीस मिनट के बाद निकलता है और पानी में तैरता दिखता है। स्थानीय अर्जुन राय ने बताया कि सुकुमारपुर घाट पर जहां लोग स्नान करते हैं, वहां घड़ियाल नदी से बाहर निकलकर बालू पर रहता है। स्नान करने वाले लोग भयभीत हैं। अर्जुन राय ने वन विभाग के अधिकारियों से उसे रेस्क्यू करने की मांग की है।