Bihar News: लेवी मांगने के मामले में पांच नक्सलियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल, जानें कब का है यह मामला?
मुजफ्फरपुर में ईंट-भठ्ठा व्यवसायी से लेवी मांगने के करीब दस साल पुराने मामले में पुलिस ने पांच नक्सलियों के खिलाफ यूएपीए के तहत चार्जशीट दाखिल की है। अब विशेष न्यायालय में मामले की सुनवाई होगी।
विस्तार
मुजफ्फरपुर जिले के ईंट-भठ्ठा व्यवसायी रामदेव प्रसाद से नक्सलियों द्वारा लेवी मांगने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच नक्सलियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है। यह मामला मीनापुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव से जुड़ा हुआ है, जहां करीब दस वर्ष पुराने लेवी मांगने के मामले में यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार के गृह विभाग द्वारा इस मामले में आरोपित नक्सलियों पर यूएपीए (गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम) के तहत मुकदमा चलाने की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है। इसके बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के विशेष न्यायालय में सभी पांच आरोपितों के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की गई है।
मीनापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी रिपोर्ट
दरअसल, ईंट-भठ्ठा व्यवसायी रामदेव प्रसाद ने 4 अप्रैल 2015 को मीनापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में उन्होंने आरोप लगाया था कि अज्ञात व्यक्तियों ने दो मोबाइल नंबरों से कॉल कर उनसे लेवी की मांग की थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पांच लोगों को अप्राथमिकी आरोपित बनाया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपित सुखारी महतो उर्फ रविंद्र महतो के खिलाफ तरियानी, हथौड़ी, बोचहां, साहेबगंज, मोतीपुर, काजी मोहम्मदपुर और मीनापुर थाना क्षेत्रों में कुल दस मामले दर्ज हैं। वहीं, जयकिशुन भगत के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल पांच आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
ये भी पढ़ें- Bihar: थावे दुर्गा मंदिर में बड़ी चोरी, मां के आभूषण और लॉकर से लाखों की नकदी ले उड़े चोर; सुरक्षा पर उठे सवाल
जानें नक्सलियों के नाम
जिन नक्सलियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई है, उनमें शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के औरा गांव निवासी सुखारी महतो उर्फ रविंद्र महतो, मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के पोखरैरा गांव निवासी जयकिशुन भगत, बरुराज थाना क्षेत्र के मौना गांव निवासी अजय कुमार, भगवानपुर गांव निवासी डॉ. मुकेश राम और देवरिया थाना क्षेत्र के मोहब्बतपुर गांव निवासी सुनील कुमार उर्फ सुनील भगत शामिल हैं।
इस पूरे मामले के अनुसंधानकर्ता सह पूर्वी अनुमंडल के एसडीपीओ-1 आलोक वत्स ने सभी आरोपितों के खिलाफ यूएपीए एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत चार्जशीट दाखिल की है। अब विशेष न्यायालय इस चार्जशीट पर संज्ञान लेगा और आरोप तय होने के बाद मामले में सत्र वाद (सेशन ट्रायल) की प्रक्रिया शुरू होगी।