बिहार: सेनको ज्वेलर्स डकैती में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वैशाली-बेतिया से चार और आरोपी गिरफ्तार; संख्या हुई सात
बेतिया के सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम डकैती कांड में पुलिस ने चार और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ गिरफ्तार आरोपितों की संख्या सात हो गई है। मुख्य आरोपी सूरज का आपराधिक नेटवर्क उत्तराखंड तक फैला मिला है।
विस्तार
बेतिया शहर के सुप्रिया रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में 18 नवंबर को हुई करोड़ों रुपये की डकैती के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस वारदात में शामिल चार और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
चार और आरोपित गिरफ्तार
बेतिया के वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम के अनुसार, 18 नवंबर को सुप्रिया रोड स्थित सेनको ज्वेलर्स शोरूम में डकैती की वारदात हुई थी। घटना के बाद से ही विशेष पुलिस टीम तकनीकी जांच और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपितों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में चार और आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
वैशाली और पश्चिम चंपारण के रहने वाले हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपितों में वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र के सरमस्तपुर निवासी अविनाश कुमार, जंदाहा थाना क्षेत्र के बालचक मेहदी निवासी नीतीश कुमार और राजू कुमार शामिल हैं। इनके अलावा पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चरगाहा मिश्र टोला निवासी सूरज कुमार यादव को भी गिरफ्तार किया गया है।
पढे़ं: विधायक अनंत सिंह का बदला सियासी रुख, अब लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी; जानें किस सीट पर है नजर
सूरज पर उत्तराखंड में भी दर्ज हैं मामले
एसएसपी कुमार गौतम ने बताया कि गिरफ्तार सूरज कुमार यादव का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। उसके खिलाफ बेतिया मुफस्सिल, बेतिया नगर और मोतिहारी के गोविंदगंज थाने के अलावा उत्तराखंड के मुनि की रेती और ऋषिकेश कोतवाली थाने में भी मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कुल सात मामले दर्ज हैं। इससे उसके आपराधिक नेटवर्क का दायरा बिहार से उत्तराखंड तक फैला होने की जानकारी सामने आई है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों और डकैती की साजिश से जुड़ी अहम जानकारियां मिल सकती हैं। फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
