बिहार में बाढ़ का कहर: गहरे पानी में डूबीं चार लड़कियां, दो की मौत; गांव में पसरा मातम
बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र के हुसैना दियारा गांव में बाढ़ के गहरे पानी में डूबने से 14 वर्षीय आकांक्षा कुमारी और 21 वर्षीय सपना कुमारी की दर्दनाक मौत हो गई। घरेलू सामान लेने निकली चार लड़कियां सड़क किनारे जमा पानी में डूबने लगी थीं।
विस्तार
बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र में बाढ़ का पानी अब लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ने लगा है। मंगलवार सुबह परमानंदपुर पंचायत के हुसैना दियारा गांव में बाढ़ के पानी में डूबने से दो बेटियों की दर्दनाक मौत हो गई। घरेलू सामान लेने के लिए घर से निकली चार लड़कियां सड़क किनारे जमा गहरे पानी में अचानक डगमगाने लगीं। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में चारों पानी में डूबने लगीं। ग्रामीणों की तत्परता से दो लड़कियों को बचा लिया गया, लेकिन 14 वर्षीय आकांक्षा कुमारी और 21 वर्षीय सपना कुमारी की जान नहीं बच सकी। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।
एक घंटे की तलाश के बाद मिला सपना का शव
घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल पानी में उतरकर दोनों लापता लड़कियों की तलाश शुरू कर दी। करीब एक घंटे तक चले खोज अभियान के बाद डब्लु कुमार, रूपेश कुमार और हेमंत कुमार ने सपना कुमारी का शव बरामद किया। शव मिलने के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
दो घंटे बाद खेत के पास मिली आकांक्षा
दूसरी किशोरी आकांक्षा कुमारी की तलाश में स्थानीय गोताखोरों ने भी अभियान चलाया। सिंटु कुमार यादव, शंकर कुमार सक्सेना, राजू कुमार राणा, श्याम कुमार और सत्यम कुमार समेत कई लोगों ने खोजबीन में सहयोग किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मनिजरा खेत के समीप आकांक्षा का शव बरामद किया गया।
नाव से बांध तक लाए गए शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजे
घटना की सूचना मिलते ही सीओ आकाश कुमार ने तुलसीटोल बांध पर तैनात गोताखोर श्याम कुमार की टीम और राजस्व कर्मचारी अवधेश कुमार को नाव से घटनास्थल पर भेजा। दोनों शवों को नाव के जरिए तुलसीटोल बांध तक लाया गया। इसके बाद बलिया पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया।
दो बेटियों की मौत से गांव में पसरा मातम
एक ही घटना में दो परिवारों की बेटियों की मौत से हुसैना दियारा गांव में मातम पसर गया। सपना की मां रीता देवी और आकांक्षा की मां पुष्पलता देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ शोक का माहौल है और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन बना हुआ है।
परिजनों को मिलेगी सहायता राशि
सीओ आकाश कुमार ने बताया कि दोनों शव बरामद कर लिए गए हैं। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतकों के परिजनों को आपदा के तहत मिलने वाली सहायता राशि दी जाएगी। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों से पानी में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।