बेगूसराय: पावर हाउस में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट के बाद ट्रांसफार्मर और स्विचयार्ड धू-धूकर जले
बेगूसराय पावर हाउस परिसर में सोमवार को शॉर्ट सर्किट के बाद भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से बरौनी-2 फीडर का पावर ट्रांसफार्मर और स्विचयार्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
विस्तार
बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की टहनियों की छंटाई के दौरान सोमवार को बेगूसराय पावर हाउस परिसर में अचानक हुए शॉर्ट सर्किट ने देखते ही देखते भीषण आग का रूप ले लिया। तेज चिंगारी और धमाके के बाद पावर ट्रांसफार्मर से उठी आग की लपटों ने कुछ ही देर में स्विचयार्ड को भी अपनी चपेट में ले लिया। पावर हाउस परिसर से उठते काले धुएं और आग की ऊंची लपटों को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शॉर्ट सर्किट के बाद मची अफरा-तफरी
बताया गया कि बिजली विभाग की टीम पावर हाउस परिसर में नियमित मेंटेनेंस के साथ हाई वोल्टेज बिजली लाइनों के आसपास फैली पेड़ों की टहनियों की छंटाई कर रही थी। इसी दौरान अचानक बिजली के तारों के बीच जोरदार शॉर्ट सर्किट हुआ। देखते ही देखते चिंगारी भड़क उठी और पावर ट्रांसफार्मर के आसपास आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही क्षणों में आग ने विकराल रूप ले लिया। तेज धमाके के साथ उठती लपटों ने स्विचयार्ड के हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पावर हाउस में मौजूद कर्मियों के बीच भी हड़कंप मच गया।
दमकल की गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बिजली विभाग के कर्मियों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया गया। पावर हाउस के हाई वोल्टेज उपकरणों के बीच लगी आग को नियंत्रित करना आसान नहीं था। अग्निशमन कर्मियों ने काफी सावधानी और मशक्कत के बाद आग की लपटों पर काबू पाया। हालांकि, तब तक पावर ट्रांसफार्मर का बड़ा हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।
बरौनी-2 फीडर का ट्रांसफार्मर और स्विचयार्ड क्षतिग्रस्त
आग की चपेट में आने से बरौनी-2 फीडर से जुड़ा पावर ट्रांसफार्मर और स्विचयार्ड बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उपकरणों को नुकसान पहुंचने के बाद एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ी। बरौनी-2 ब्रेकर में खराबी और स्विचयार्ड के क्षतिग्रस्त होने का सीधा असर विद्युत आपूर्ति पर पड़ा। बिजली गुल होने के कारण आसपास के इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उमस और गर्मी के बीच लंबे समय तक बिजली नहीं रहने से घरेलू उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ गईं।
ये भी पढ़ें- बिहार: न पासपोर्ट था, न वीजा फिर इस जिले में क्या कर रहे थे म्यांमार के चार नागरिक? अवैध घुसपैठ का बढ़ा शक!
पूरी विद्युत व्यवस्था बहाल करने में जुटी टीम
घटना के बाद बिजली विभाग की तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त उपकरणों की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी विशेषज्ञ ट्रांसफार्मर, ब्रेकर और स्विचयार्ड को हुए नुकसान का आकलन कर विद्युत आपूर्ति बहाल करने में जुटे हैं। विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती क्षतिग्रस्त उपकरणों को सुरक्षित करने के साथ जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था को सामान्य करना है। फिलहाल मरम्मत कार्य जारी है और पूरी बिजली आपूर्ति कब तक बहाल होगी, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बिजली लाइनों के आसपास पेड़ों की टहनियों की छंटाई जैसे नियमित रखरखाव कार्य के दौरान पावर हाउस में इस तरह आग लगने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे की तकनीकी वजह और नुकसान का वास्तविक आकलन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।