{"_id":"6aba2ec59c7b9a467e0107a0","slug":"buhs-student-protest-in-patna-bihar-police-lathicharge-actual-status-dak-bunglow-road-patna-bihar-news-2026-09-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"पटना में भारी बवाल: मेडिकल छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़े, पुलिस से झड़प; क्या है BUHS छात्रों की मांग","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पटना में भारी बवाल: मेडिकल छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़े, पुलिस से झड़प; क्या है BUHS छात्रों की मांग
Mon, 28 Sep 2026 02:39 PM IST
आदित्य आनंद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना
Published by: आदित्य आनंद
Updated Mon, 28 Sep 2026 02:39 PM IST
सार
Bihar News : पटना में एक तरफ वामदल मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आंदोलन में ताकत झोंक रहा है तो दूसरी तरफ मेडिकल छात्रों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की जिद में पुलिस के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। पुलिस और छात्रों के बीच झड़प भी हो चुकी है। तनाव है।
विज्ञापन
पटना के डाक बंगला चौराहे पर स्थिति तनावपूर्ण।
- फोटो : amar ujala digital
विस्तार
बिहार यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (BUHS) के मेडिकल और नर्सिंग छात्रों का पटना में प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। छात्र अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गांधी मैदान से डाकबंगला चौराहा तक पहुंचे। डाकबंगला चौराहे पर बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर डटे हैं। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर छात्रों को रोकने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
विज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। इस दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प भी हुई। पुलिस ने छात्रों को पीछे हटाने की कोशिश की। मौके पर पटना पुलिस के सैकड़ों जवान तैनात हैं। पुलिस अधिकारी, डीएम और आईजी स्तर के अधिकारी छात्रों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन छात्र आंदोलन समाप्त करने को तैयार नहीं हैं।
विज्ञापन
20 दिनों से गर्दनीबाग में दे रहे थे धरना
छात्रों का कहना है कि वे पिछले करीब 20 दिनों से गर्दनीबाग में धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और स्वास्थ्य विभाग के सचिव समेत संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। छात्रों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
विज्ञापन
सत्र में देरी और रिजल्ट में गड़बड़ी का आरोप
छात्रों की प्रमुख मांगों में मेडिकल और नर्सिंग के सत्र को समय पर संचालित करना और परीक्षाएं निर्धारित समय पर आयोजित करना शामिल है। छात्रों ने परीक्षा परिणामों में अनियमितता और पारदर्शिता की कमी का भी आरोप लगाया है। इसके अलावा परीक्षा में सिलेबस से बाहर के सवाल पूछे जाने और मूल्यांकन में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया गया है। छात्र BUHS में स्थायी कुलपति की नियुक्ति की भी मांग कर रहे हैं। छात्रों के आंदोलन में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव भी शामिल हुए और सड़क पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों का समर्थन किया।
वाम दलों के मार्च के बीच पुलिस के लिए बढ़ी चुनौती
पटना में सोमवार को वाम दलों के विभिन्न संगठनों की ओर से भी जन आक्रोश मार्च निकाला गया था। गांधी मैदान से निकला मार्च डाकबंगला चौराहा तक पहुंचा था। दोपहर करीब दो बजे वाम दलों के कुछ सदस्यों को पुलिस ने प्रतिनिधि के तौर पर सरकार से बातचीत के लिए भेजा। कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में भी लिया गया। इसके बाद वाम दलों का आंदोलन थम गया, लेकिन मेडिकल छात्रों का प्रदर्शन डाकबंगला चौराहे पर जारी रहा।
एंबुलेंस को निकालने में पुलिस और छात्रों ने की मदद
मेडिकल छात्रों के प्रदर्शन के कारण गांधी मैदान से डाकबंगला चौराहा की ओर आने वाला रास्ता पूरी तरह बंद रहा। इससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान दो एंबुलेंस वहां पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों एंबुलेंस को रास्ता दिलाकर आगे भेजा। छात्रों ने भी एंबुलेंस को निकालने में मदद की।
प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया, जिसमें कुछ छात्र चोटिल हुए हैं। छात्रों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे थे। वहीं, पुलिस लगातार छात्रों को सड़क से हटाने और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल डाकबंगला चौराहे पर छात्रों का प्रदर्शन जारी है।