Bihar: स्वास्थ्य मंत्री के आगमन से पहले मॉडल अस्पताल को साफ करने का काम, सभी कमरों में लगाई जा रही कुर्सियां
Bihar: प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. ध्रुव कुमार ने बताया कि कि 4 जून को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे मुंगेर आएंगे। इस दौरान वे सदर अस्पताल का निरीक्षण करेंगे और रात्रि विश्राम जिला अतिथि गृह में करेंगे। 5 जून को अस्पताल परिसर में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विस्तार
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे 4 जून की शाम मुंगेर पहुंचने वाले हैं। इस दौरान वे मुंगेर सदर अस्पताल का निरीक्षण करेंगे और 5 जून को अस्पताल परिसर में बने हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन करेंगे। मंत्री के आगमन को लेकर अस्पताल प्रशासन नवनिर्मित मॉडल अस्पताल की ओपीडी और अन्य विभागों को सुसज्जित और क्रियाशील बनाने में जुट गया है।
अस्पताल परिसर में सोमवार को व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की तैयारियां जोरों पर रहीं। अस्पताल के मैनेजर मो. तौसीफ हसनैन, डाटा एंट्री ऑपरेटर के साथ विभिन्न कमरों में कुर्सियां, टेबल आदि लगवाते देखे गए। वहीं, रजिस्ट्रेशन काउंटर को अस्पताल कर्मी सुव्यवस्थित करने में लगे रहे। ओपीडी सहित सभी विभागों में मरीजों के बैठने के लिए पर्याप्त संख्या में कुर्सियां लगाई जा रही हैं। हालांकि, इस संबंध में पूछे जाने पर अस्पताल मैनेजर मो. तौसीफ हसनैन ने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। देर शाम तक अस्पताल परिसर को स्वच्छ और व्यवस्थित करने की कोशिशें जारी रहीं।
पढ़ें: दुष्कर्म पीड़िता के घर पहुंचे एक डॉक्टर को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर पीटा, तमाशबीन बने रहे लोग
तैयारी पूरी, मंत्री करेंगे निरीक्षण और उद्घाटन
इस संबंध में प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. ध्रुव कुमार ने बताया कि कि 4 जून को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे मुंगेर आएंगे। इस दौरान वे सदर अस्पताल का निरीक्षण करेंगे और रात्रि विश्राम जिला अतिथि गृह में करेंगे। 5 जून को अस्पताल परिसर में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया जाएगा। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
मुख्यमंत्री ने किया था उद्घाटन, लेकिन सेवाएं नहीं हुईं शुरू
बता दें कि मुंगेर मॉडल अस्पताल का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हाल ही में प्रगति यात्रा के दौरान किया था। लगभग 32 करोड़ 17 लाख रुपये की लागत से बने इस 100-बेड वाले अत्याधुनिक अस्पताल में एक माह पूर्व आपातकालीन सेवा तो शुरू कर दी गई थी, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा रहने के कारण ओपीडी और अन्य विभागों की सेवाएं अब तक शुरू नहीं हो सकी थीं। प्रभारी सिविल सर्जन के अनुसार, अस्पताल को निर्माण कार्य करने वाली एजेंसी द्वारा तीन दिन पूर्व हैंडओवर कर दिया गया है। अब अस्पताल को पूरी तरह चालू करने की कवायद तेज कर दी गई है।