Bihar News बेगूसराय के बलान नदी में भीषण हादसा, विसर्जन के दौरान मूर्ति के नीचे दबे दस लोग; दो की मौत
Bihar News: मां काली की मूर्ति विसर्जन के लिए स्थानीय लोग शिव मंदिर बलान नदी घाट पर गए थे। विसर्जन के दौरान जब लोग मूर्ति को पकड़े घाट पर बनी सीढ़ी से नीचे उतर रहे थे, तभी सीढ़ी के बाद बने गड्ढे में अचानक मूर्ति के साथ करीब दस लोग गिर गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बेगूसराय में मूर्ति विसर्जन के दौरान एक भीषण हादसा हो गया। मंसूरचक में मूर्ति विसर्जन के दौरान दस लोग डूब गए, जिसमें दो की मौत हो गई है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि गणपतौल पंचायत के महेंद्रगंज काली स्थान में स्थापित मां काली की मूर्ति विसर्जन के लिए स्थानीय लोग शिव मंदिर बलान नदी घाट पर गए थे। विसर्जन के दौरान जब लोग मूर्ति को पकड़े घाट पर बनी सीढ़ी से नीचे उतर रहे थे, तभी सीढ़ी के बाद बने गड्ढे में अचानक मूर्ति के साथ करीब दस लोग गिर गए और मूर्ति के नीचे दब गए।
वहां मौजूद लोगों ने दबे लोगों को निकालना शुरू किया। आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन दो युवक काफी खोजबीन के बाद मिले। दोनों युवकों को लोगों ने स्थानीय पीएचसी ले जाया, जहां डॉक्टरों ने बीरगंज निवासी शंकर महतो के पुत्र 19 वर्षीय विपीन कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर स्थिति में डॉक्टरों ने बीरगंज निवासी दिनेश महतो के 19 वर्षीय पुत्र राहुल को सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। इस घटना से दुर्गा पूजा का उत्साह मातम में बदल गया और दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। राहुल तीन भाइयों में दूसरे नंबर का भाई था और पढ़ने में काफी मेधावी था। विपीन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और इस घटना से उसके परिवार का चिराग बुझ गया।
पढे़ं: ऊपर से गिरने वाला था 11 हजार वोल्ट का तार, तीन साल के बच्चे ने बचाई अपनी और मां की जान
जेसीबी से काटकर बनाया गया था गड्ढा, उसी कारण हुई घटना
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ माह पहले जिला पार्षद योजना से सीढ़ी का निर्माण हुआ था और इस दौरान सीढ़ी के ठीक आगे जेसीबी से मिट्टी कटाई की गई थी। आज की घटना उसी गड्ढे की वजह से हुई है। जिस समय दोनों युवकों को लेकर लोग पीएचसी पहुंचे, वहां डॉ. पिंटू कुमार राय मौजूद थे। लोगों की भीड़ ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई भी कर दी, हालांकि कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
घटनास्थल पर पुलिस कैंप कर रही है
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गोविंद कुमार पांडेय, बीडीओ सुभाष कुमार और सीओ सुजीत कुमार भी वहां पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद तेघड़ा डीएसपी कृष्ण कुमार व एसडीओ राकेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। समाचार प्रेषण तक सभी पदाधिकारी घटनास्थल पर कैंप किए हुए हैं।