बाढ़ पीड़ितों के जख्मों पर लालू ने छिड़का नमक, 'तुम भाग्यशाली हो गंगा तुम्हारे घर पहुंची'
बिहार में बाढ़ के कारण लगातार हालात बिगड़ते जा रहे हैं राज्य के बीस से ज्यादा जिले पूरी तरह बाढ़ की चपेट में हैं और 22 लाख से ज्यादा लोग बेघर होने की कगार पर हैं लेकिन नेताओं को शायद ही इन लोगों के दर्द का एहसास हो।
बिहार के लोगों के दर्द और बेबसी के बीच राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू यादव का एक ऐसा बयान सामने आया है जिसने पीड़ितों के जख्मों पर मरहम लगाने की बजाय नमक छिड़कने का काम किया है। बाढ़ पीड़ितों की बात पर लालू बोले कि आप लोग खुशकिस्मत हो कि गंगा मैया तुम्हारे दरवाजे और चूल्हे तक आई।
लालू ने यह बयान तब दिया जब वह बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने गए थे। इसी दौरान बाढ़ पीड़ितों से बात करते हुए लालू ने कहा कि आप लोग हमेशा कहते थे कि गंगा मैया आपसे एक हाथ नीचे ही रहती है और वो कभी ऊपर नहीं आती। लो इस साल गंगा मैया आपके घर और चूल्हे तक आ गई।
बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने गए थे लालू
आप लोग भग्यशाली हो हर किसी को गंगा मैया का आशीर्वाद नहीं मिलता। घबराओं मत गंगा मैया सबको बचाएगी। हालांकि लालू ने ये बात मजाक में कही लेकिन ये मजाक शायद लोगों की बेबसी का ही था जो बाढ़ के कारण अपना घर बार खोकर एक वक्त के भोजन के लिए भी तरस रहे हैं।
लालू ने दावा किया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए सरकार पूरा इंतजाम कर रही है लोगों को राहत पहुंचाने के भरसक प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द हालात सुधरने की उम्मीद है।
बता दें कि बिहार में बाढ़ के कारण राजधानी पटना, बक्सर, वैशाली, भोजपुर, सारण, समस्तीपुर, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर और खगड़िया आदि जिलों में हालात बदतर हो चुके हैं। लाखों लोग अपना घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की तलाश में लगे हैं।