{"_id":"68220af0b297ccba7a07a163","slug":"madhepura-crime-35-lakh-stolen-from-house-of-bjp-leader-who-went-to-wedding-ceremony-thieves-came-in-car-2025-05-12","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News: शादी समारोह में गए भाजपा नेता के घर 35 लाख की चोरी; कार से आए चोर, पहरेदार सवालों के घेरे में","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News: शादी समारोह में गए भाजपा नेता के घर 35 लाख की चोरी; कार से आए चोर, पहरेदार सवालों के घेरे में
Mon, 12 May 2025 08:21 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधेपुरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधेपुरा
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Mon, 12 May 2025 08:21 PM IST
सार
Madhepura Crime: भाजपा नेता प्रो. अमोल राय ने कहा कि चोरों ने घर में रखा सारा कीमती सामान चोरी कर लिया। तीनों अलमारियों का ताला तोड़ कर सारे आभूषण निकाल लिए। उन्होंने पुलिस से समान बरामदगी और चोरों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
विज्ञापन
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मधेपुरा में रविवार को भाजपा नेता के घर चोरों ने बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। अनुमान के अनुसार चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 35 लाख रुपये बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Bihar News: इकलौते बेटे की डूबने से दर्दनाक मौत, दादी के अंतिम संस्कार के बाद गंगा स्नान करने गया था परिवार
विज्ञापन
भाजपा नेता प्रो. अमोल राय के बेटे डॉ. प्रियरंजन भास्कर ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव लक्ष्मीपुर एक शादी समारोह में गए हुए थे। घर की देखरेख की जिम्मेदारी पहरेदार नरेश यादव पर थी। सोमवार सुबह नरेश यादव ने फोन कर चोरी की सूचना दी, जिसके बाद वे तत्काल मधेपुरा पहुंचे। डॉ. भास्कर ने बताया कि चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब 9.50 लाख रुपये नकदी और लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के गहने चोरी कर लिए।
विज्ञापन
कार सवार चोरों ने घटना को दिया अंजाम
घटना के बाद थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक कार गेट के पास रुकती दिख रही है, हालांकि फुटेज में वाहन का केवल आंशिक हिस्सा ही नजर आ रहा है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
वहीं, पहरेदार नरेश यादव ने बताया कि रात करीब 11.30 बजे वह मालिक को बिना सूचना दिए घर में ताला लगाकर अपने गांव भोज खाने के लिए चले गए थे। सुबह को जब यहां पहुंचे तो देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद उन्होंने डॉ. भास्कर को जानकारी दी।
भाजपा नेता प्रो. अमोल राय ने कहा कि चोरों ने घर में रखा सारा कीमती सामान चोरी कर लिया। तीनों अलमारियों का ताला तोड़ कर सारे आभूषण निकाल लिए। उन्होंने पुलिस से समान बरामदगी और चोरों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- Bihar News: भोजपुरी गानों पर पिस्तौल लहराते बच्चे का वीडियो आया सामने, सुरक्षा पर उठे सवाल
पहरेदार पर उठी शक की सुई
डॉ. भास्कर रविवार की शाम करीब चार बजे अपने गांव के लिए रवाना हो गए थे। घर की निगरानी की जिम्मेदारी नरेश यादव नामक पहरेदार पर थी। वह पिछले 15 वर्षों से डॉ. भास्कर के यहां कार्यरत है। नरेश का घर घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर पथराहा गांव में है। पुलिस और परिजनों को आशंका है कि चोरों ने पहले से घर की रेकी कर रखी थी। जैसे ही उन्हें यह भनक लगी कि घर में कोई नहीं है, उन्होंने सुनियोजित ढंग से वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में घुसे, कीमती सामान चुराया और बड़ी सफाई से निकल भी गए। खास बात यह रही कि घर में ऐसा कोई सुराग नहीं छोड़ा गया, जिससे चोरों तक पहुंचना आसान हो सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पहरेदार से भी पूछताछ की जा रही है। मधेपुरा सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि पुलिस टीम पूरी सक्रियता से जांच में जुटी हुई है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।