Bihar: पति ने चाचा और सहयोगियों के साथ मिलकर पत्नी के साथ की हैवानियत, जान से मारने के लिए चाकू भी गोदा
Bihar News: पीड़िता अपने मायके में थी। यहीं पर उसके पति, चचेरे ससुर ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर हैवानियत की। इतना नहीं जान लेने की नीयत से पीड़िता के शरीर पर छह बार चाकू से वार भी किया। पीड़िता की हालत गंभीर है।
विस्तार
सुपौल के राघोपुर थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। घटना रविवार देर रात की है। आरोप है कि 25 वर्षीय महिला के साथ उसके पति ने अपने चाचा और तीन अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर हैवानियत की। इतना ही नहीं आरोपियों ने पीड़िता की पीठ में छह जगह चाकू से वार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। इधर, घटना की सूचना के बाद परिजनों ने डायल 112 को जानकारी दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के सहयोग से पीड़िता को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
अस्पताल में पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी छह वर्ष हुई है। लेकिन, इन छह वर्षों में उसे कोई संतान प्राप्त नहीं हुआ है। उसका पति बाहर रहकर मजदूरी करता था, जहां उसका किसी दूसरी लड़की से अवैध संबंध रहने लगा। इसका विरोध करने पर पति अक्सर नशे की हालत में उससे मारपीट करता था। आरोप लगाया कि बाद में उसके पति ने ही पीड़िता पर दूसरे मर्द से शारीरिक संबंध बनाकर रुपया कमाकर देने का दबाव बनाने लगा। लेकिन, जब उसने विरोध किया तो आरोपी पति ने उसके साथ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
एक माह से मायके में थी पीड़िता, जहां पहुंच कर दिया वारदात को अंजाम
पीड़िता ने बताया कि करीब एक माह पूर्व उसका पति बाहर कमाने चला गया। वह भी मायके चली आई। जहां वह विगत एक महीने से रह रही थी। इधर, रविवार की रात्रि करीब 11 बजे उसका पति पांच व्यक्ति के साथ उसके मायके पहुंच गया। उस वक्त घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं था। उसकी मां दूसरे कमरे में सो रही थी। इसी दौरान दरिंदों ने वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता के अनुसार, सभी ने उसे जबरन बांध दिया और उसके मुंह मे कपड़ा ठूंस कर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। वही विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पीठ पर कई बार चाकू से प्रहार किया। पीड़िता के अनुसार पति और चचेरे ससुर सहित तीन अन्य अज्ञात लोगों ने उसके साथ रेप किया। इस दौरान वह बेहोश हो गई।
मवेशियों की आवाज से पीड़िता की मां जागी, देखने पहुंची तो मिली जानकारी
इधर, पीड़िता की मां ने बताया कि गुहाल घर से मवेशियों के उछल कूद की आवाज सुनकर नींद खुली। जब वहां पहुंची तो बेटी बुरी तरह जख्मी और बेहोश पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी अन्य परिजनों को दी। परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस के पहुंचने पर पीड़िता को रेफरल अस्पताल राघोपुर में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान होश आने पर उसने पूरे घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पीड़िता ने राघोपुर थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, जहर देकर हत्या का आरोप; मायके वालों ने घर में घुसकर की तोड़-फोड़
डॉक्टर बोले- परिजनों ने देर से दी गैंगरेप की जानकारी
इधर, रेफरल अस्पताल राघोपुर में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ नीलेश प्रधान ने बताया कि रात में महिला को घायल अवस्था में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। जहां बताया गया कि महिला के साथ उसके पति ने मारपीट किया है। पीड़िता की पीठ पर कुल छह जगह जख्म के निशान हैं। हालांकि सोमवार की सुबह परिजनों ने बताया कि महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। लिहाजा उसे मेडिकल जांच के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
पुलिस बोली- अभी तक नहीं मिला है कोई आवेदन
वही इस बाबत राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। बताया कि महिला के साथ उसके पति द्वारा मारपीट कर जख्मी करने की जानकारी मिली है। वही प्रथम दृष्टया सामूहिक दुष्कर्म की कोई पुष्टि नहीं हो रही है। आवेदन प्राप्त होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वही वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। थानाध्यक्ष को जांच हेतु निर्देश दिया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.