{"_id":"68388581eb5616826602fb0d","slug":"bihar-news-three-girls-died-after-drowning-in-river-madhepura-bihar-police-investigation-kosi-news-c-1-1-noi1373-3004027-2025-05-29","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar News : गेंद के फेर में तीन बच्चियों की मौत, नदी किनारे खेलते हुए गिरी बॉल, निकालने में डूब गईं तीनों","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar News : गेंद के फेर में तीन बच्चियों की मौत, नदी किनारे खेलते हुए गिरी बॉल, निकालने में डूब गईं तीनों
Thu, 29 May 2025 10:10 PM IST
कृष्ण बल्लभ नारायण
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधेपुरा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधेपुरा
Published by: कृष्ण बल्लभ नारायण
Updated Thu, 29 May 2025 10:10 PM IST
सार
Madhepura News: बच्चियां शाम करीब पांच बजे कुछ अन्य बच्चों के साथ नदी के किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान एक बच्ची की गेंद नदी में चली गई। गेंद निकालने के लिए तीनों बच्चियां नदी में उतर गईं, लेकिन गहराई अधिक होने की वजह से एक-एक कर डूब गईं।
विज्ञापन
पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल पहुंचे परिजन। फोटो- अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
मधेपुरा के गम्हरिया थाना क्षेत्र के औराही एकपरहा पंचायत अंतर्गत बेलही गांव में गुरुवार की शाम दर्दनाक हादसे में तीन मासूम बच्चियों की नदी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा बेलही पुल के पास की है। तीनों बच्चियां नदी किनारे खेल रही थीं। मृत बच्चियों की पहचान मुकेश कुमार (फौजी) की बेटी रिचा कुमारी (9), शिवनारायण यादव की बेटी प्रेमलता कुमारी (11) और मुकेश कुमार की ही दूसरी बेटी अंशु कुमारी (9) के रूप में हुई है।
विज्ञापन
परिजनों के अनुसार बच्चियां शाम करीब पांच बजे कुछ अन्य बच्चों के साथ नदी के किनारे खेल रही थीं। इसी दौरान एक बच्ची की गेंद नदी में चली गई। गेंद निकालने के लिए तीनों बच्चियां नदी में उतर गईं, लेकिन गहराई अधिक होने की वजह से एक-एक कर डूब गईं। उनके साथ मौजूद एक अन्य बच्चे ने शोर मचाकर गांव वालों को सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और खोजबीन शुरू की। काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकालकर गम्हरिया सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
नानी गांव में रह रही थी अंशु
घटना की जानकारी मिलते ही गम्हरिया थानाध्यक्ष अकमल हुसैन दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा भेज दिया। मृतक रिचा और अंशु को एक-एक बड़ा भाई है। अंशु का पैतृक घर सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के कटैया जीवछपुर गांव में है, लेकिन वह अपनी नानी के घर बेलही में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वहीं, प्रेमलता छह बहनों में सबसे छोटी थी। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं और हरसंभव सहायता का भरोसा दे रहे हैं।
विज्ञापन