Bihar Crime: मधेपुरा में युवक का शव पेड़ से लटका मिला, ससुराल आया था पत्नी को विदा कराने; जानें
Bihar: रविवार की सुबह विनोद मलिक कुछ ग्रामीणों से यह कहता सुना गया कि वह पत्नी और बच्चे को साथ लेकर अपने घर लौटना चाहता है, लेकिन पत्नी ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद विनोद घर लौटने की बात कहकर चला गया। पढ़ें पूरी खबर
विस्तार
मधेपुरा के घैलाढ़ ओपी क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर पंचायत के वार्ड संख्या-9 में रविवार की दोपहर एक युवक का शव आम के बगीचे में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान सहरसा जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के नसरत चकला वार्ड-12 निवासी हरिहर मलिक के पुत्र विनोद मलिक (30 वर्ष) के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक की गर्दन गमछे से आम के पेड़ की टहनी से बंधी थी, जबकि उसके दोनों घुटने जमीन से सटे हुए थे, जिससे मौत पर संदेह गहराता जा रहा है।
चार दिन पहले ससुराल आया था युवक
मृतक विनोद मलिक चार दिन पहले श्रीनगर गांव स्थित अपने ससुराल आया था, जहां से वह अपनी पत्नी और बच्चे को विदा कराकर ले जाना चाहता था। जानकारी के अनुसार, उसकी पत्नी साजन कुमारी ने उस पर मारपीट का आरोप लगाया था। इस मामले को गांव के पंचों ने सुलझाने की कोशिश की और दोनों के बीच समझौता करवाकर महिला को विदा कर दिया गया था। हालांकि, बाद में पति-पत्नी के बीच दोबारा विवाद हो गया, जिसके बाद पत्नी मायके लौट आई।
पढ़ें: 15 देशों के भिक्षुओं की मौजूदगी में होगा स्मृति स्तूप का उद्घाटन, वैशाली बनेगा पर्यटन का नया केंद्र
शव मिलने से गांव में सनसनी
रविवार की सुबह विनोद मलिक कुछ ग्रामीणों से यह कहता सुना गया कि वह पत्नी और बच्चे को साथ लेकर अपने घर लौटना चाहता है, लेकिन पत्नी ने उसके साथ जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद विनोद घर लौटने की बात कहकर चला गया। देर शाम करीब चार बजे उसका शव गांव के समीप आम के बगीचे में लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही घैलाढ़ ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया।
ससुराल पक्ष फरार, माता-पिता नहीं पहुंचे
घटना के बाद मृतक की पत्नी सहित ससुराल पक्ष के सभी लोग गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। वहीं, खबर लिखे जाने तक मृतक के माता-पिता घटनास्थल पर नहीं पहुंचे थे। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। घैलाढ़ ओपी अध्यक्ष अवधेश प्रसाद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।