Bihar Crime: सहरसा में मामूली विवाद को लेकर दुकानदार की गोली मारकर हत्या, इलाके में तनाव
Saharsa Crime: सहरसा में मामूली विवाद को लेकर एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहरसा जिले के सलखुआ थानाक्षेत्र के गोरियारी गांव में सोमवार को एक किराना दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रंजीत यादव (35) के रूप में हुई है, जो गांव में ही किराना दुकान चलाता था। परिजनों के अनुसार, हत्या का कारण कुछ लड़कों को उधार न देना बताया जा रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच तेज कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, रंजीत यादव की हत्या के पीछे का विवाद मंगलवार को तब शुरू हुआ, जब कुछ लड़के उसकी दुकान पर उधार लेने आए थे। रंजीत ने उधार देने से मना कर दिया, जिससे विवाद उत्पन्न हो गया। मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने एक लड़के को हिरासत में लिया। लेकिन बाद में उसके पिता लखन यादव के हस्तक्षेप से आपसी समझौते के तहत उसे रिहा कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि बुधवार को सुबह लगभग साढ़े 11 बजे, रंजीत यादव अपनी दुकान से घास लेकर बाइक पर घर जा रहा था। गोरियारी चौक के पास चार से पांच लड़कों ने उसे घेर लिया और गोली मार दी। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तुरंत सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में न तो चिकित्सक समय पर पहुंचे और न ही उसे ऑक्सीजन लगाई गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सलखुआ थानाध्यक्ष विशाल कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घटनास्थल से पुलिस ने कुछ लाठी और चप्पल बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सहरसा सदर अस्पताल भेज दिया है।
घटना के बाद सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, अंचल पुलिस निरीक्षक मो. सुजाउद्दीन, और विभिन्न थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। एसपी के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी का गठन किया गया है, और तीनों थानों की पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
रंजीत यादव की हत्या के बाद गांव में तनाव का माहौल है, और लोग डर और सदमे में हैं। पुलिस ने गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर दिए हैं, और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। वहीं, मृतक के परिजनों द्वारा अभी तक आवेदन नहीं दिया गया है और पुलिस उनके बयान का इंतजार कर रही है।