लालू के लाल तेजप्रताप की शादी में खूब मची लूट, तोड़ी क्रॉकरी-लूटा खाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव की शादी चंद्रिका राय की बेटी ऐश्वर्या राय से शनिवार को संपन्न हो गई। पिछले काफी दिनों से चर्चा में रही इस शादी का आगाज तो जोरदार था ही वहीं शादीवाला दिन भी यादगार रहा। तेज प्रताप की शादी में केंद्रीय मंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री सहित देश के कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की। इन गणमान्य लोगों में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अपनी पत्नी डिंपल के साथ पहुंचे। वहीं सांसद सुभाष चंद्रा, अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और प्रफुल पटेल भी इस मौके पर मौजूद थे।
शादी समारोह की धूम-धाम के बीच शादी में आये कुछ उत्पातियों ने वहां जमकर हुड़दंग मचाया। यही नहीं उपद्रवियों ने खाने पीने की लूट तो मचाई ही साथ ही जम कर क्रॉकरी भी तोड़ी।
जैसे ही तेज प्रताप और ऐश्वर्या ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई राजद समर्थकों ने जिंदाबाद के नारे लगाए और वहां बने घेरे को तोड़ दिया और खाने-पीने की चीजों को लूटना शुरू कर दिया। इस दौरान शादी में शामिल होने आए लोगों ने खाने और क्रॉकरी की जमकर लूट मचाई। प्लेटें तोड़ दीं और टेबल-कुर्सी यहां वहां फेंकना शुरू कर दिया। दरअसल वीआईपी और मीडिया के लिए बनाए गए पंडाल की घेरेबंदी को तोड़कर राजद समर्थक घुस आए और वहां उत्पात मचाना शुरू कर दिया। वहां मौजूद लोगों की उन्हें रोकने की सभी कोशिशें नाकाम रहीं। आयोजकों ने शादी में 7000 लोगों के लिए इंतजाम किए जाने का दावा किया था, लेकिन यह व्यवस्था अधूरी दिखी।
इतना ही नहीं बहुत से पत्रकारों ने उनके साथ बदतमीजी की शिकायत की और कहा कि उनके उपकरणों को नुकसान पहुंचाया गया है। कैटर्स का कहना है कि भीड़ ने उनके बर्तनों सहित दूसरी चीजें चुरा लीं। आयोजकों का कहना है कि उन्होंने करीब 7,000 लोगों के खाने की व्यवस्था की थी लेकिन इतनी बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों पर काबू रखने का कोई इंतजाम नहीं किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार शादी के मंच के भी टूटने की खबर आई। मंच के टूटने पर लालू प्रसाद की सुरक्षा में लगाए गए गार्ड को मामूली चोट आने की भी खबर है।