गोपालगंज से पटना आ रही बस ट्रक से टकराई: सीवान में सामने से हुई टक्कर, दो दर्जन घायल, महिला पटना रेफर
सीवान-गोपालगंज से होते हुए पटना जा रही बस से रविवार सुबह एक ट्रक की आमने-सामने भीषण टक्कर में दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सीवान में शहरकोला के पास संजीव सर्विस की बस और ट्रक में हुई टक्कर में एक महिला को पटना रेफर किया गया।
विस्तार
सीवान-गोपालगंज से होते हुए पटना जा रही बस से रविवार सुबह एक ट्रक की आमने-सामने भीषण टक्कर में दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बसंतपुर पटना मुख्य मार्ग पर शहरकोला के पास संजीव सर्विस की बस और ट्रक में हुई टक्कर में तीन घंटे के अंदर मौत को कोई खबर नहीं है। बस सुबह गोपालगंज से खुली थी और सीवान के कई इलाके से होकर पटना की ओर जा रही थी। सुबह तकरीबन 6:30 बजे सुबह में बसंतपुर थाना इलाक़े के शहरकोला के पास इस दुर्घटना में ट्रक का चालक-सह चालक भी गंभीर रूप से घायल हो है। सभी को सुबह करीब साढ़े आठ बजे से सीवान के सदर अस्पताल में इलाज के लिए लाया जा रहा है। एक महिला की हालत नाजुक देख पटना के PMCH रेफर कर दिया गया है।
चलती बस में शीशे से धुंध हटाने में हादसा
ट्रक में बैठे घायल नकुल ने घटना के संबंध में बताया कि बस का चालक शीशा पोछ रहा था, तभी बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। सुबह में जबरदस्त कोहरा था और इसके कारण शीशे पर धुंध की परत के कारण देखना मुश्किल हो रहा था। गोपालगंज-सीवान से होकर पटना जा रही संजीव बस में तकरीबन तीन दर्जन लोग सवार थे। घायलों में से कुछ लोगों का इलाज बसंतपुर के स्थानीय रेफरल अस्पताल में चल रहा है तो कुछ को एम्बुलेंस से सीवान सदर अस्पताल लाया जा चुका है। एक महिला बहुत सीरियस थी, जिसे एम्बुलेंस से पीएमसीएच लेकर लोग निकल गए हैं। अबतक कुछ घायलों की पहचान हुई है, उनमें अनुराधा कुमारी पति पुनीत कुमार (पिपरा मांझा गढ़), धर्मेंद्र तिवारी पिता राम देव तिवारी (माघवपुर महारजगंज), नुकुल राउत पिता गणेश राउत (भलुवा तरैया छपरा), बुलेट यादव पिता हर देव यादव (सिधवलिया गोपालगंज) शामिल हैं।
कोहरे आ असर अभी रहेगा, सावधानी जरूरी
रविवार सुबह सीवान में जो हुआ, उसकी आशंका बाकी इलाकों में भी है। मौसम पूर्वानुमान में अगले चार दिनों तक कोहरे को लेकर अलर्ट किया गया है। रविवार को बस हादसे को लेकर भी यही बात सामने आ रही है कि बस चालक चलती गाड़ी में कोहरे की धुंध साफ कर रहा था। दरअसल, अंदर में बैठे लोगों की सांसों की हवा शीशे बंद रहने के कारण बाहर नहीं जा पाती है और बाहर के मौसम के कारण धुंध जमने लगती है। इसे हाथ से कपड़े से साफ करने पर दाग रह जाता है और जैसे ही फिर से धुंध जमती है तो देखने में परेशानी बढ़ जाती है। इसलिए वाहनों के जानकार साइड ग्लास को थोड़ा खोलकर सांसों की गरम हवा को बाहर के वातावरण में जाने देने की सलाह देते हैं। मतलब, गाड़ी में ज्यादा लोग हों तो नजर रखनी चाहिए कि धुंध नहीं जमे। थोड़ी-सी खिड़की खोलकर रखें तो यह धुंध नहीं जमा होगी।