बिहार: भाई से जमीन बंटवारे को लेकर हुआ विवाद तो बिजली टावर पर चढ़ गया युवक, इलाके में मची अफरा-तफरी
जहानाबाद के हिरदनचक गांव में जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर भाई से विवाद के बाद राकेश कुमार 1.33 लाख वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गया। पुलिस ने बिजली आपूर्ति बंद कराकर बातचीत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
विस्तार
जहानाबाद जिले में जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर भाई से हुए विवाद के बाद एक युवक ने हाई वोल्टेज बिजली टावर पर चढ़कर जमकर हंगामा किया। युवक ने जान की परवाह किए बिना गांव के पास स्थित 1.33 लाख वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़कर जान देने की कोशिश की। काफी देर तक चले इस घटनाक्रम से इलाके में अफरा-तफरी मची रही। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने बातचीत कर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। इस दौरान एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई, जिससे इलाके में बिजली गुल रही।
यह मामला जहानाबाद जिले के झुनाठी थाना क्षेत्र के हिरदनचक गांव का है। गांव निवासी राकेश कुमार का घर में जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर अपने भाई से विवाद हो गया था। इसके बाद गुस्से में आकर राकेश गांव के पास स्थित 1.33 लाख वोल्ट के हाई वोल्टेज बिजली टावर पर चढ़ गया। उसने वहां से कूदकर जान देने की कोशिश की।
पढे़ं: प्रदेश में जल्द शुरू होंगी पांच नई चीनी मिलें, सीएम सम्राट चौधरी ने गन्ना विकास रथ को दिखाई हरी झंडी
घटना की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। टावर पर चढ़े राकेश को नीचे उतरने के लिए लोग काफी देर तक समझाते रहे। सूचना मिलने पर झुनाठी थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले सुरक्षा के मद्देनजर बिजली आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद युवक से बातचीत शुरू की और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पूछताछ के दौरान राकेश ने पुलिस को बताया कि घर में जमीन और संपत्ति का बंटवारा नहीं हो रहा था। इसी बात को लेकर उसका भाई से विवाद हुआ था। उसने कहा कि जब भाई उसे संपत्ति और जमीन में हिस्सा नहीं दे रहा है तो वह जीकर क्या करेगा। इसी गुस्से में वह टावर पर चढ़ गया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
