Bihar News: मंत्री अशोक चौधरी का तेजस्वी यादव पर हमला,कहा- ये सिर्फ परिवारवाद और अपनी जेब भरने में जुटे
Bihar Politics: जहानाबाद जिला मुख्यालय स्थित सत्येंद्र नारायण सिंह कॉलेज में नए अंबेडकर कला भवन का शुभारंभ करने पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने तेजस्वी यादव पर हमला बोला है। उन्होंने का कि जिस व्यक्ति को सुप्रीम कोर्ट ने भ्रष्टाचार का दोषी माना है, वो आज घूम-घूमकर दूसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं।
विस्तार
बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी बीते दिन जहानाबाद पहुंचे और यहां राजद नेता तेजस्वी यादव पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को सुप्रीम कोर्ट ने भ्रष्टाचार का दोषी माना है, वही, आज घूम-घूमकर दूसरों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। ऐसे लोगों पर बिहार की जनता भरोसा करने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि यह लोग न तो बिहार का विकास कर सकते हैं और न ही जनता की भलाई के बारे में सोचते हैं। ये सिर्फ परिवारवाद और अपनी जेब भरने में लगे रहते हैं।
मंत्री अशोक चौधरी जहानाबाद जिला मुख्यालय स्थित सत्येंद्र नारायण सिंह कॉलेज में नए अंबेडकर कला भवन का शुभारंभ करने पहुंचे थे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बाबा साहब भीमराव अंबेडकर ने शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बताया था। उन्होंने कहा था कि शिक्षा वह शेरनी का दूध है, जिसे पीकर हर इंसान शेर की तरह दहाड़ सकता है। मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है। चाहे प्राथमिक शिक्षा हो या उच्च शिक्षा, हर स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की दिशा में काम हो रहा है।
ये भी पढ़ें- Bihar News: विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में दरार,माले विधायक ने कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी पर उठाए सवाल
चार काव्य कृतियों का लोकार्पण
अंबेडकर कला भवन का उद्घाटन ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. शशि प्रताप, विधायक कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव, विश्वविद्यालय के सिडिकेट सदस्य डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह और कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार मंगलम ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर डॉ. सुबोध कुमार झा की चार काव्य कृतियों का लोकार्पण भी किया गया। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मेघन प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में सांसद ने शिक्षा की गुणवत्ता को समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए युवाओं से सकारात्मक योगदान देने की अपील की।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने महिलाओं की शिक्षा पर जोर दिया और शिक्षित युवाओं से अपील की कि वे अशिक्षित युवाओं को भी पढ़ाने में मदद करें। वहीं, कुलपति ने शिक्षकों और कर्मियों की उचित मांगें पूरी करने का भरोसा दिलाया और घोषणा की कि कॉलेज में इसी सत्र से स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू की जाएगी।
ये भी पढ़ें- Bihar: नेपाल के रास्ते बिहार में घुसे जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी, पुलिस ने जारी किया अलर्ट; लोगों से भी की अपील