{"_id":"684062050d3374bfd30f66ba","slug":"gayaji-high-speed-bike-hits-villager-then-car-crushed-him-died-on-spot-protest-by-keeping-dead-body-on-road-2025-06-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Accident: तेज रफ्तार बाइक ने ग्रामीण को मारी टक्कर... फिर कार ने कुचला, मौके पर मौत; सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Accident: तेज रफ्तार बाइक ने ग्रामीण को मारी टक्कर... फिर कार ने कुचला, मौके पर मौत; सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन
Wed, 04 Jun 2025 08:41 PM IST
हिमांशु प्रियदर्शी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गयाजी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गयाजी
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Wed, 04 Jun 2025 08:41 PM IST
सार
Gayaji News: गयाजी में तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार 60 साल के ग्रामीण को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद पीछे से आ रही कार ने ग्रामीण को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
परिजनों ने ग्रामीण को कुचलने वाली कार को रोका, चालक भागा
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गयाजी जिले के चंदौती थाना क्षेत्र अंतर्गत बतसपुर गांव के पास बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 60 वर्षीय ग्रामीण की जान चली गई। मृतक की पहचान बतसपुर निवासी रामचंद्र यादव के रूप में की गई है, जो साइकिल से जा रहे थे। पहले एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मारी, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े। उसी समय पीछे से आ रही तेज गति की एक कार ने उन्हें कुचल दिया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
विज्ञापन
परिजनों में मचा कोहराम, शव रख किया सड़क जाम
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और मृतक का शव सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। रामशिला-प्रेतशिला मार्ग पर घंटों तक यातायात बाधित रहा। आक्रोशित लोगों का कहना है कि जब तक दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा नहीं दिया जाएगा, तब तक वे शव नहीं उठने देंगे।
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Bihar Crime: चर्चित भूमिहार नेता सुशील पांडेय की हत्या में शामिल हार्डकोर नक्सली गिरफ्तार, 12 साल से था फरार
विज्ञापन
पुलिस समझाने में जुटी, ग्रामीण अड़े रहे
घटना की सूचना पाकर चंदौती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने की कोशिश की। लेकिन आक्रोशित ग्रामीण और परिजन टस से मस नहीं हुए। भीड़ ने उस कार को भी रोक लिया जिससे यह हादसा हुआ था, हालांकि चालक मौका देखकर फरार हो गया।
इधर, परिवार से मिली जानकारी के अनुसार मृतक रामचंद्र यादव का कोई बेटा नहीं है। उनकी एकमात्र बेटी है, जिसकी शादी गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के पहसी मोहल्ले में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वह बेटी भी घटनास्थल पर पहुंच गई, जहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया।
यह भी पढ़ें- Bihar: यज्ञ में छेड़खानी पर बवाल, उपद्रवियों ने घर में घुसकर मचाया उत्पात; ग्रामीणों की फायरिंग के बाद भागे
स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार से वाहन चलने की घटनाएं आम हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार को सरकार तत्काल आर्थिक सहायता दे और भविष्य में इस मार्ग पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।