बिहार न्यूज: पुलिस के सामने नहीं थमा हंगामा, तोरण द्वार के नाम को लेकर दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट
गयाजी के वजीरगंज में तोरण द्वार पर लिखे नाम को हटाने को लेकर बैरिया और लखौआ गांव के लोगों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
विस्तार
गयाजी के वजीरगंज थाना क्षेत्र में एक प्रवेश द्वार पर लिखे नाम को हटाने को लेकर दो गांवों के लोगों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना के दौरान पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडे और मुक्के बरसाते नजर आए। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तोरण द्वार से नाम हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, गया-वजीरगंज मुख्य सड़क से बैरिया होते हुए लखौआ जाने वाली सड़क पर हाल ही में एक तोरण द्वार का निर्माण कराया गया था। इसी प्रवेश द्वार पर लिखे गए नाम को हटाने को लेकर शुक्रवार दोपहर अचानक विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि नाम हटाने के मुद्दे को लेकर बैरिया और लखौआ गांव के लोगों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों गांवों के लोग आमने-सामने आ गए और सड़क पर ही हंगामा शुरू हो गया।
पुलिस के सामने चलता रहा हंगामा, वायरल हुआ वीडियो
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन वायरल वीडियो में दावा किया जा रहा है कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक मारपीट होती रही। वीडियो में कई लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडे चलाते और हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कुछ लोग पुलिसकर्मियों के सामने ही हंगामा करते नजर आ रहे हैं। घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
मारपीट में कई लोग घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
बताया जा रहा है कि इस मारपीट की घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
ये भी पढ़ें- बिहार: दरवाजे पर सो रहे ग्रामीण चिकित्सक की गोली मारकर हत्या, खून से लथपथ मिला शव; तीन खोखे बरामद
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना को लेकर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। प्रवेश द्वार पर लिखे नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब पुलिस के लिए भी चुनौती बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते विवाद को नहीं सुलझाया गया तो आगे भी तनाव की स्थिति बन सकती है।

गयाजी के वजीरगंज में प्रवेश द्वार के नाम को लेकर दो गांवों के लोगों के बीच हुआ विवाद, वायरल वीड