Bihar News: जहानाबाद में दिनदहाड़े लूट की बड़ी वारदात, प्रॉपर्टी डीलर से 11 लाख नकद और जमीन के कागजात लूटे
Bihar: पीड़ित ने बताया कि घटना के तुरंत बाद 112 डायल पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लुटेरे हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे। पढ़ें।
विस्तार
जहानाबाद जिले में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि नए पुलिस कप्तान के पदभार ग्रहण करने के महज दो दिन बाद ही लुटेरों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दे डाला। घोसी थाना क्षेत्र के गंधार मंदिर के समीप सोमवार को हथियारबंद बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर से 11 लाख रुपये नकद और जमीन से जुड़े अहम दस्तावेज लूट लिए। पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार को लिखित शिकायत सौंपी है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और लुटेरों की तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर कार से जहानाबाद से बंधुगंज की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गंधार मंदिर के पास पहले से घात लगाए बदमाशों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया और हथियार का भय दिखाकर जबरन कार रुकवाई। बदमाशों ने गाड़ी में रखे 11 लाख रुपये नगद और जमीन के एग्रीमेंट से जुड़े कागजात लूट लिए।
पढ़ें: नौकरी का झांसा देकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो बनाकर दी गई धमकी; जानें मामला
पीड़ित ने बताया कि घटना के तुरंत बाद 112 डायल पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक लुटेरे हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे। घटना स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने प्रॉपर्टी डीलर को सांत्वना दी और पुलिस के साथ उन्हें थाने तक भेजा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
दिनदहाड़े इस दुस्साहसिक वारदात ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नए एसपी के पदभार संभालने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अपराध पर लगाम लगेगी, लेकिन इस वारदात ने पुलिस के दावों की पोल खोल दी है।