Bihar Accident: जहानाबाद में बरातियों से भरी कार पेड़ से टकराई, एक की मौत; पांच बराती हुए घायल
Bihar: बरात भोरी-बालापर गांव से घोसी थाना क्षेत्र के धामपुर जा रही थी। तभी पुरानी प्रखंड कार्यालय के समीप चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और वाहन पेड़ से जा टकराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हुलासगंज पीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत्य घोषित कर दिया।
विस्तार
जहानाबाद जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र में बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारातियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान गया जिले के भोरी-बालापर गांव निवासी 70 वर्षीय नरेश पासवान के रूप में हुई है। घायल रंजीत पासवान, शिवकुमार पासवान, राजेंद्र पासवान, नीरज कुमार और रामविलास पासवान को प्राथमिक उपचार के बाद पटना रेफर कर दिया गया है। इनमें दो की हालत नाजुक बनी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बरात भोरी-बालापर गांव से घोसी थाना क्षेत्र के धामपुर जा रही थी। तभी पुरानी प्रखंड कार्यालय के समीप चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और वाहन पेड़ से जा टकराया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हुलासगंज पीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने नरेश पासवान को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
शादी समारोह में हर्ष फायरिंग से युवक घायल, अस्पताल में भर्ती
जिले के कल्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत नीम खैरा गांव में एक विवाह समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना शुक्रवार देर शाम समधी मिलन कार्यक्रम के दौरान हुई। गोली लगने से घायल युवक की पहचान दुर्गेश कुमार के रूप में हुई है, जिसे आनन-फानन में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बरात ओकरी थाना क्षेत्र के सकढौहा गांव से नीम खैरा आई थी और गांव के सामुदायिक भवन में ठहरी थी। समधी मिलन समारोह के दौरान डीजे पर नाच-गाना चल रहा था, तभी अचानक किसी ने खिड़की की ओर से गोली चला दी। गोली सीधे दुर्गेश कुमार को जा लगी, जिससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई। दुर्गेश के पिता राम विनय कुमार ने बताया कि उनका बेटा डीजे पर नाच रहा था, तभी यह घटना घटी।
पढ़ें: मुजफ्फरपुर में बाहर से आए युवक की स्थानीय दुकानदार से कहासुनी, आक्रोशित व्यापारियों ने किया सड़क जाम
उन्होंने बताया कि गोली अचानक कहां से आई, किसी को कुछ समझ में नहीं आया। सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. ए.के. नंदा के अनुसार, युवक के शरीर पर गोली के कई निशान हैं। एक्स-रे जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गोली शरीर के किन-किन हिस्सों में लगी है और उसकी स्थिति कितनी गंभीर है।
