चौथे चरण में मतदान संपन्न, 57.59 फीसदी वोटिंग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार में 55 विधानसभा सीटों के लिए चौथे चरण का मतदान संपन्न हो गया। चौथे चरण को लेकर भाजपा गठबंधन और जेडीयू-राजद के महागठबंधन में जबरदस्त मुकाबला है। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए आंकडों के अनुसार चौथे चरण में कुल 57.59 फीसदी मतदान हुआ।
हालांकि शुरूआत में मतदान जिस तेजी से आगे बढ़ा वैसे में 60 फीसदी से ज्यादा मतदान की उम्मीद की जा रही थी। लेकिन दिन ढलते ढलते मतदान प्रतिशत में गिरावट आने लगी। इसका एक कारण कई मतदान केन्द्रों पर मतदान 5 बजे संपन्न होना भी माना गया।
आज हुए मतदान में मतदाताओं ने 14,139 मतदान केंद्रों पर अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए वोट डाले। राज्य की इन 55 सीटों पर 776 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें से 57 महिलाएं हैं।
कड़ी है सुरक्षा
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. लक्ष्मणन ने कहा कि सुरक्षा स्थिति के आकलन के आधार पर 43 निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे तक होगा, जबकि आठ सीटों पर चार बजे तक होगा। उन्होंने जानकारी दी कि चार सीटों पर मतदान तीन बजे ही खत्म हो जाएगा।
3043 मतदान केंद्र नक्सल ग्रस्त इलाकों में हैं। लक्ष्मणन ने जानकारी दी कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए केंद्रीय अर्ध सैनिक बलों और राज्य पुलिस की 1163 कंपनियां (प्रत्येक कंपनी में 100 जवान) तैनात की गई है। नदी में गश्त करने के लिए 38 मोटर बोटों को सेवा में लगाया गया है।
पहले के तीन चरणों में 131 सीटों पर मतदान हो चुका है। चौथे चरण के बाद, 186 सीटों पर मतदान हो चुका होगा। बची हुई 57 सीटों पर अंतिम चरण का मतदान पांच नवंबर को होना है। मतगणना आठ नवंबर को होगी।