पिता कैंसर से जूझ रहे, मां पर प्रताड़ना का आरोप, नौवीं के छात्र ने मांगी इच्छा मृत्यु, जांच का आदेश
बिहार के भागलपुर जिला निवासी एक किशोर ने पारिवारिक कलह से तंग आकर इच्छा मृत्यु का अनुरोध किया है। राष्ट्रपति को पत्र भेजने के बाद मामला प्रधानमंत्री कार्यालय के संज्ञान में भी पहुंचा, जिसके बाद पीएमओ ने जिला प्रशासन को मामले की जांच करने को कहा है। सरकारी सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय के निर्देश पर जिला प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के कहलगांव थाना अंतर्गत महिषामुंडा गांव निवासी मनोज कुमार मित्रा के 15 वर्षीय बेटे कृष कुमार मित्रा ने पारिवारिक कलह से तंग आकर करीब दो माह पहले राष्ट्रपति को पत्र भेजकर इच्छा मृत्यु का अनुरोध किया था। साथ ही राष्ट्रपति को भेजे पत्र की प्रतिलिपि कृष ने प्रधानमंत्री, बिहार के मुख्यमंत्री समेत आला अधिकारियों को भी भेजी थी।
पिता कैंसर पीड़ित, मां पर प्रताड़ना का आरोप
कृष ने आरोप लगाया है कि मां की प्रताड़ना और उनके द्वारा मुकदमेबाजी किए जाने तथा आसामाजिक तत्वों द्वारा बार बार धमकी दिये जाने से वह परेशान है। ऐसे में अब उसे जीवित रहने की इच्छा नहीं रह गई है।
कृष के पिता मनोज कैंसर पीडित हैं और ग्रामीण विकास विकास विभाग देवघर में जिला प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं जबकि उसकी मां सुजाता इंडियन ओवरसीज बैंक पटना में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं।
कृष अपने पिता के साथ रहता है और जसीडीह पब्लिक स्कूल में नौंवीं कक्षा का छात्र है। मनोज और उनकी पत्नी के बीच लंबे अरसे से विवाद चल रहा है तथा दोनों अलग अलग रह रहे हैं। कृष के दादा संजय कुमार मित्रा जो कि कहलगांव एनटीपीसी में वर्कमैन के पद से अवकाश प्राप्त कर चुके हैं के साथ उसके चाचा तथा अन्य परिजनों ने भी सुजाता के बर्ताव को पूरी तरह अनुचित ठहराया है।